Home News
12-Nov-2026 05:49 PM
विजयवाड़ा। उत्तर-पूर्व मानसून की वर्षा का सहारा मिलने तक बाजार भाव ऊंचा होने से दक्षिण भारत के किसानों को मौजूदा रबी सीजन के दौरान धान की बिक्री का अच्छा प्रोत्साहन मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष खरीफ सीजन के दौरान तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु एवं कर्नाटक जैसे राज्यों में धान का क्षेत्रफल घट गया और दक्षिण-पश्चिम मानसून की बारिश कम होने से गैर सिंचित क्षेत्रों में फसल की हालत भी अच्छी नहीं रही। उसके फलस्वरूप वहां खासकर 'ए' ग्रेड चावल का उत्पादक 25-30 प्रतिशत तक घटने का अनुमान लगाया जा रहा है।
रबी कालीन धान की अधिकांश खेती दक्षिण भारत में तथा उड़ीसा-पश्चिम बंगाल, बिहार एवं गुजरात जैसे राज्यों में होती है। इसकी खेती का दायरा विस्तारित रबी सीजन / ग्रीष्म काल (जायद सीजन) तक फैला रहता है।
क्षेत्र में 75-80 प्रतिशत चावल का उत्पादन खरीफ सीजन में और 20-25 प्रतिशत का उत्पादन रबी / जायद सीजन में होता है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार चालू रबी सीजन में 6 नवम्बर तक धान का उत्पादन क्षेत्र सुधरकर 6.73 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा जो गत वर्ष के क्षेत्रफल 6.53 लाख हेक्टेयर से कुछ अधिक था।