Home News

भारत को खाद्य तेल की आपूर्ति में अर्जेन्टीना शीर्ष स्तर पर

12-Nov-2026 07:44 PM

भारत को खाद्य तेल की आपूर्ति में अर्जेन्टीना शीर्ष स्तर पर

मुम्बई। दुनिया के सबसे प्रमुख खाद्य तेल आयातक देश- भारत में पहले इंडोनेशिया से सर्वाधिक मात्रा में खाद्य तेल (मुख्यतः पाम तेल) मंगाया जाता था लेकिन अब परिदृश्य बदल गया है। अब भारत को खाद्य तेलों की आपूर्ति करने के मामले में अर्जेन्टीना शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है जबकि मलेशिया दूसरे नंबर पर है। इंडोनेशिया खिसककर तीसरे स्थान पर आ गया है।

इसी तरह यूक्रेन को बड़े अंतर के साथ पीछे छोड़कर रूस ने चौथा स्थान प्राप्त कर लिया है। ब्राजील से भी भारत में बड़े पैमाने पर खाद्य तेलों का आयात हो रहा है। अर्जेन्टीना से भारत में मुख्यतः सोयाबीन तेल एवं सूरजमुखी तेल का आयात होता है। 

उद्योग व्यापार समीक्षकों के अनुसार इंडोनेशिया में पाम तेल की घरेलू मांग एवं खपत तेजी से बढ़ती जा रही है क्योंकि वहां बायोडीजल निर्माण में इसकी विशाल मात्रा का इस्तेमाल किया जा रहा है।

इसके फलस्वरूप वहां पाम तेल के निर्यात योग्य स्टॉक में कमी आने लगी है। पिछले कुछ दशकों से इंडोनेशिया भारत को खाद्य तेलों का सबसे बड़ा निर्यातक देश बना हुआ था मगर अब उसने अपना वह  स्थान गंवा दिया है।

वर्ष 2022-23 से ही भारत में इंडोनेशिया में पाम तेल का आयात घटना शुरू हो गया था। 2026-27 के सीजन में इंडोनेशिया में पाम तेल की घरेलू खपत बढ़कर 233.80 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान है जो 2025-26 सीजन की खपत से 4 प्रतिशत ज्यादा है। इसके फलस्वरूप वहां से पाम तेल का निर्यात करीब 14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 216 लाख टन पर सिमट जाने की संभावना है।