Home News

मसूर की बिजाई के प्रति किसानों में अच्छा उत्साह

12-Nov-2026 07:39 PM

मसूर की बिजाई के प्रति किसानों में अच्छा उत्साह

झांसी। रबी सीजन की दूसरी सबसे प्रमुख दलहन फसल- मसूर की खेती में इस बार किसान अच्छी सक्रियता एवं दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इसके फलस्वरूप 6 नवम्बर तक इसका रकबा बढ़कर 4.54 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो गत वर्ष की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 4.39 लाख हेक्टेयर से 15 हजार हेक्टेयर अधिक है। 

मसूर का अधिकांश उत्पादन मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती बुंदेलखंड संभाग में होता है। उत्तर प्रदेश में झांसी, महोबा, बांदा, हमीरपुर, ललितपुर, जालौन एवं कानपुर इसके प्रमुख उत्पादक जिले हैं।

इसके साथ-साथ बिहार तथा पश्चिम बंगाल में भी मसूर का अच्छा उत्पादन होता है जबकि कुछ अन्य राज्यों में भी इसकी थोड़ी-बहुत खेती होती है। प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में मसूर की बिजाई के लिए स्थिति अनुकूल है और इसका मंडी भाव भी ऊंचा हो गया है। दूसरी और भारत में कनाडा तथा ऑस्ट्रेलिया से भारी मात्रा में मसूर का आयात भी किया जा रहा है।