पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से कुछ राज्यों में वर्षा होने की संभावना
10-Jan-2025 03:51 PM
नई दिल्ली । मौसम विभाग के मुताबिक- देश के अधिकांश इलाकों में जबरदस्त सर्द मौसम बरकरार है जबकि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 11-12 जनवरी को कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
पूर्वोत्तर क्षेत्र के अरुणाचल प्रदेश एवं आसाम में पिछले दिनों बारिश हुई जबकि 8 जनवरी को पश्चिम बंगाल के उप हिमालयी क्षेत्र, सिक्किम तथा आसाम में वर्षा के साथ ओलावृष्टि भी हुई।
साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) के रूप में निर्मित पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 11-12 जनवरी को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश होने तथा ओले गिरने की संभावना है। पश्चिमोत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
दिल्ली एनसीआर में सुबह-शाम को बहुत घना कोहरा छाने लगा है जिससे ट्रेनों तथा हवाई जहाजों के परिचालन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। रबी फसलों के लिए भी यह घना कोहरा अनुकूल नहीं है। वैसे दिन में धूप निकल रही है।
उधर राजस्थान में अब तक मौसम गर्म तथा तापमान ऊंचा ही चल रहा था मगर अब इसमें बदलाव होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 10 जनवरी (आज) की शाम से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है जिससे 11 जनवरी को जोधपुर, बीकानेर एवं शेखावटी जैसे इलाकों में अच्छी वर्षा हो सकती है।
इसके साथ-साथ 12 जनवरी को जयपुर, भरपूर एवं बीकानेर संभाग में बारिश होने की संभावना है जिससे रबी फसलों और खासकर गेहूं, चना, सरसों तथा जौ की फसल को फायदा हो सकता है।
उसके बाद घने कोहरे एवं गहन धुंध प्रकोप बढ़ने की आशंका है। धूप के बावजूद सर्द हवा के कारण राज्य में ठंड का प्रकोप बरकरार है। कई इलाकों में तापमान 5 डिग्री से नीचे आ गया है।
