पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अवधि मई तक बढ़ने की संभावना

04-Apr-2024 12:24 PM

नई दिल्ली । घरेलू प्रभाग में दाल-दलहन की समुचित आपूर्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दिसम्बर 2023 में सरकार ने पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति प्रदान की थी।

आरंभिक चरण में इसकी अवधि मार्च 2024 नियत की गई थी जिसे बाद में अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया गया। चूंकि लोकसभा के लिए आम चुनाव की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है

और मई में यह जोर शोर से जारी रहेगी इसलिए म्यांमार विश्लेषकों को लगता है कि दाल-दलहन के मोर्चे पर सरकार कोई जोखिम नहीं उठाते हुए पीली मटर के आयात की समय सीमा एक माह के लिए बढ़ा सकती है।

ध्यान देने की बात है कि चना, मसूर एवं मटर जैसी रबी कालीन दलहन फसलों की आवक पहले ही आरंभ हो चुकी है जबकि अप्रैल-मई में इसकी रफ्तार काफी तेज रहने की उम्मीद है।

इस वर्ष विभिन्न कारणों से अरहर (तुवर) एवं चना का घरेलू उत्पादन उम्मीद के अनुरूप होने की संभावना नहीं है और इस कमी को पूरा करने के लिए पीली मटर एक बेहतर विकल्प साबित हो रही है।

वरिष्ठ आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जब तक घरेलू दलहन फसलों की आपूर्ति पीक पर नहीं पहुंच जाती और उत्पादन की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट नहीं होती तब तक पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात को जारी रखने पर विचार किया जा रहा है फिलहाल इसकी समय सीमा एक माह के लिए बढ़ाई जा सकती है। 

अधिकारियों का कहना है कि एकाएक पीली मटर के आयात की समय सीमा लम्बी अवधि के लिए बढ़ाना उचित नहीं होगा क्योंकि ऐसी स्थिति में व्यापारी इसका आयात  करके स्टॉक बना सकते हैं और बाजार में इसे धीरे-धीरे उतार सकते हैं। इससे कीमतों पर दबाव नहीं बन पाएगा और आयात की स्वीकृति देने का उद्देश्य भी पूरा नहीं हो पाएगा।