पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान में गेहूं आढ़तियों के कमीशन में वृद्धि

17-Mar-2026 04:10 PM

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने गेहूं आढ़तियों को बढ़ी राहत देते हुए उनके कमीशन में 10 प्रतिशत से अधिक का इजाफा कर दिया है। यह इजाफा पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान जैसे प्रांतों में किया गया है जहां केन्द्रीय पूल के लिए गेहूं की भारी खरीद की जाती है। कमीशन में यह वृद्धि 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगी। 

पंजाब तथा हरियाणा में अभी तक गेहूं के आढ़तियों (कमीशन एजेंटों) को 46 रुपए प्रति क्विंटल की दर से कमीशन मिल रहा था जिसे अगले रबी मार्केटिंग सीजन के लिए 10.32 प्रतिशत बढ़ाकर 50.75 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

इसी तरह राजस्थान में गेहूं के आढ़तियों का कमीशन 41.40  रुपए प्रति क्विंटल से 10.32 प्रतिशत बढ़ाकर 45.67 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया है। इससे  आढ़तियों को राहत मिलेगी।

गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 160 रुपए प्रति क्विंटल की भारी बढ़ोत्तरी होने के बाद से ही आढ़तिए कमीशन की दर बढ़ाने की मांग कर रहे थे जिसे सरकार ने अब स्वीकार कर लिया है। 

हालांकि सरकार ने 2025-26 के रबी सीजन में गेहूं का घरेलू उत्पादन बढ़कर 1202.10 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंचने का अनुमान लगाया है लेकिन इसकी खरीद के लक्ष्य में कटौती करके इसे 303 लाख टन नियत कर दिया है। पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश जैसे शीर्ष योगदानकर्ता राज्यों में गेहूं की खरीद का लक्ष्य घटाया गया है।