औद्योगिक मांग बढ़ने से चीनी के दाम में सुधार
13-Apr-2024 07:08 PM
नई दिल्ली । हालांकि अप्रैल माह के लिए सरकार ने चीनी का भारी-भरकम फ्रीसेल कोटा जारी किया है जिससे आमतौर पर इसकी कीमतों में नरमी आने की संभावना व्यक्त की जा रही थी मगर बढ़ती गर्मी के कारण औद्योगिक मांग में हो रही वृद्धि से चीनी का मिल डिलीवरी भाव पश्चिम उत्तर प्रदेश में 40 रुपए, बिहार में 19 रुपए एवं गुजरात में 60-140 रुपए प्रति क्विंटल नीचे आया मगर पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 रुपए, पंजाब में 90 रुपए तथा मध्य प्रदेश में 70 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ गया।
हाजिर भाव
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान चीनी का हाजिर बाजार भाव दिल्ली में 4030/4130 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा मगर इंदौर में 50 रुपए बढ़कर 3850/3900 रुपए प्रति क्विंटल तथा रायपुर (छत्तीसगढ़) में भी 50 रुपए बढ़कर 3825/3900 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
मुम्बई
मुम्बई (वाशी) मार्केट में चीनी का हाजिर भाव 70 रुपए की वृद्धि के साथ 3620/3820 रुपए प्रति क्विंटल तथा नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य भी 70 रुपए की तेजी के साथ 3570/3770 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। महाराष्ट्र और कर्नाटक में चीनी के टेंडर मूल्य में अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र में विभिन्न ग्रेड की चीनी का टेंडर मूल्य 15 से 65 रुपए प्रति क्विंटल तथा कर्नाटक में 30 से 145 रुपए प्रति क्विंटल तक बढ़ गया। उधर कोलकाता में चीनी के हाजिर मूल्य में 20 से 100 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी दर्ज की गई।
उत्पादन
चीनी का घरेलू उत्पादन पूर्व अनुमान से बेहतर होने के आसार हैं। मार्च 2024 के अंत तक राष्ट्रीय स्तर पर 300 लाख टन से अधिक चीनी का उत्पादन हो चुका था जिससे सरकार को आगामी महीनों में भी इसका भारी-भरकम फ्री सेल कोटा जारी करने में सहायता मिल सकती है। लेकिन चीनी के निर्यात की अनुमति निकट भविष्य में दिए जाने की संभावना नहीं है।
