रूस के दक्षिणी क्षेत्र में गेहूं का स्टॉक बढ़कर 56 लाख टन पर पहुंचा
03-Apr-2024 04:24 PM
मास्को । रूस का दक्षिणी भाग गेहूं के उत्पादन एवं निर्यात के लिए प्रसिद्ध है लेकिन इस बार किसानों द्वारा कम मात्रा में अपना माल बेचे जाने से वहां 1 मार्च 2024 को गेहूं का कुल बकाया अधिक है।
राष्ट्रीय स्तर पर गेहूं का कुल स्टॉक 175 लाख टन आंका गया है जिसमें छोटे-छोटे किसानों के पास मौजूद स्टॉक शामिल नहीं है। यद्यपि गत वर्ष की तुलना में इस बार देश के मध्यवर्ती क्षेत्र में गेहूं का स्टॉक 12 प्रतिशत घटकर 48 लाख टन रह गया मगर बोल्गा क्षेत्र में यह 4 प्रतिशत बढ़कर 37 लाख टन पर पहुंच गया।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार उत्पादकों की बिक्री की गति धीमी रहने से दक्षिणी क्षेत्र में गेहूं का स्टॉक बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। दिसम्बर 2023 से फरवरी 2024 के दौरान दक्षिणी क्षेत्र के किसानों द्वारा केवल 36 लाख टन गेहूं बेचा गया जो 2022-23 सीजन से 25 प्रतिशत कम रहा लेकिन मध्यवर्ती क्षेत्र में गेहूं की बिक्री 21 प्रतिशत बढ़कर 37 लाख टन पर पहुंच गई। बोल्गा क्षेत्र में 20 लाख टन गेहूं की बिक्री हुई जो पिछले साल से 10 प्रतिशत कम रही।
रूस दुनिया में गेहूं का सबसे प्रमुख निर्यातक एवं तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश है। वहां जुलाई से नया मार्केटिंग सीजन आरंभ होगा और दक्षिणी क्षेत्र के अनेक उत्पादक नए माल की आवक शुरू होने तथा गेहूं का स्टॉक अपने पास रख सकते हैं क्योंकि अभी इसका भाव काफी नीचे चल रहा है।
फरवरी 2024 के आरंभ में देश के दक्षिणी क्षेत्र में 11.5 प्रतिशत प्रोटीन वाले चतुर्थ श्रेणी के गेहूं का भाव 11,750 रूबल प्रति टन चल रहा था जो फरवरी 2023 के दाम से 1050 रूबल कम था।
