रूई की कीमतों में तेजी के संकेत

26-Mar-2026 08:11 PM

अहमदाबाद। विदेशों से आयात अटकने तथा घरेलू मंडियों में आवक सीमित होने से रूई के दाम में तेजी आने के संकेत मिल रहे हैं। पिछले एक सप्ताह के अंदर इसके मूल्य में 1000-1500 रुपए प्रति कैंडी (356 किलो) का इजाफा हो चुका है।

समझा जाता है कि जनवरी में रूई के आयात का जो अनुबंध किया गया था उसकी खेप पहुंचने में भी देरी हो रही है। इसके स्पिनिंग इकाइयों एवं टेक्सटाइल मिलों को ऊंचे दाम पर रूई खरीदने के लिए विवश होना पड़ रहा है। 

यदि आयात में आगे भी बाधा पड़ती रही तो रूई का भाव और भी तेज हो सकता है। इससे अंतर्राष्ट्रीय निर्यात बाजार में भारतीय वस्त्र उत्पादों की प्रतिस्पर्धी क्षमता घट सकती है।

रुपए का भारी अवमूल्यन होने से रूई का आयात महंगा बैठ रहा है लेकिन सूती वस्त्रों का निर्यात ऑफर मूल्य उचित स्तर पर रखने में सहायता मिल रही है। अमरीका ब्राजील एवं दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों से भारत में रूई का आयात होता है।