नवम्बर में ऑस्ट्रेलिया से चना का निर्यात उछलकर 4.40 लाख टन से ऊपर पहुंचा

17-Jan-2025 04:18 PM

ब्रिसबेन । सरकारी एजेंसी- ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि नवम्बर 2024 के दौरान ऑस्ट्रेलिया से चना का निर्यात तेजी से उछलकर 4,42,603 टन की ऊंचाई पर पहुंच गया जो अक्टूबर 2024 के शिपमेंट 1,00,996 टन की तुलना में चार गुणा से भी ज्यादा है।

इसके मुकाबले नवम्बर 2023 के दौरान वहां से केवल 32,698 टन चना का निर्यात हुआ था। इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि वर्ष 2023-24 के सीजन में ऑस्ट्रेलिया में सूखे की वजह से चना का उत्पादन काफी घट गया था। 

नवम्बर 2024 के शानदार शिपमेंट का प्रमुख कारण भारतीय आयातकों की जबरदस्त मांग रहना है। भारत में चना के शुल्क मुक्त आयात की अवधि 31 मार्च 2025 तक बढ़ाए जाने से खरीदार काफी सक्रिय हो गए हैं और अधिक से अधिक मात्रा में इसका आयात कर रहे हैं।

भारतीय बाजारों में अब भी  चना का भाव सरकारी समर्थन मूल्य से काफी ऊंचा चल रहा है। नवम्बर 2024 में ऑस्ट्रेलिया से चना के हुए कुल 4,42,603 टन के निर्यात में से अकेले भारत को 3,49,904 टन या लगभग 80 प्रतिशत भाग का शिपमेंट किया गया।

इसके बाद पाकिस्तान को 50,283 टन तथा बांग्ला देश को 21,243 टन चना का निर्यात हुआ। शेष चना का शिपमेंट अन्य देशों को किया गया।

एबीएस की रिपोर्ट के अनुसार सितम्बर-नवम्बर 2024 की तिमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से कुल मिलाकर 5,68,840 टन चना का निर्यात हुआ जिसमें से भारत को सर्वाधिक 4,39,234 टन, पाकिस्तान को 71090 टन तथा बांग्ला देश को 24851 टन का शिपमेंट किया गया।

भारत में ऑस्ट्रेलिया से सितम्बर में 11768 टन चना मंगाया गया था जो अक्टूबर में बढ़कर 77,561 टन तथा नवम्बर में उछलकर 3,49,904 टन पर पहुंच गया। दिसम्बर-जनवरी में भी इसका अच्छा आयात होने का अनुमान है। 

भारत में चना की बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है और पिछले सीजन के मुकाबले इस बार उत्पादन क्षेत्र में कुछ सुधार आया है।

अगले कुछ सप्ताहों का मौसम इसकी फसल के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण साबित होगा। सरकार ने चना का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2023-24 सीजन के 5440 रुपए प्रति क्विंटल से 210 रुपए बढ़ाकर 2024-25 सीजन के लिए 5650 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है जबकि इसका थोक मंडी भाव इससे काफी ऊपर चल रहा है। नई फसल की छिटपुट आवक जल्दी ही शुरू होने की उम्मीद है।