मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में बोनस के कारण गेहूं रहेगा महंगा
07-Jan-2025 08:35 PM
नई दिल्ली । राजस्थान में 125 रुपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस दिए जाने से गेहूं महंगा होगा तथा तमाम खर्चों को मिलाकर दिल्ली में इसका पहुंच अब उत्तर प्रदेश की तुलना में करीब 215 रुपए प्रति क्विंटल ऊंचा रह सकता है।
दोनों राज्यों की तुलना में पहले राजस्थान की बात की जाए तो वहां 2425 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तथा 125 रुपए के बोनस के साथ गेहूं की खरीद का खर्च 2550 रुपए प्रति क्विंटल बैठेगा।
इसके बाद 2.10 प्रतिशत के मंडी टैक्स, 2.25 प्रतिशत के आढ़त, 1.75 प्रतिशत की पैकिंग तथा 0.7 प्रतिशत के अन्य टैक्स को मिलाकर कुल 6.8 प्रतिशत या 175 रुपए का कर लगेगा और मंडी से गोदामों (वेयर हाउस) तक पहुंचाने का खर्च 40 रुपए बैठेगा।
इस तरह गोदामों तक इसकी पहुंच का खर्च बढ़कर 2765 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा। इसके अलावा वेयर हाउस का खर्च 7 रुपए प्रति क्विंटल मासिक होगा जबकि बैंक ऋण पर प्रति माह ब्याज भी 23 रुपए प्रति क्विंटल लगेगा।
इस तरह तीन माह के लिए इसका भाव 90 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा और इससे गेहूं का खर्च भी बढ़कर 2855 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच जाएगा।
मिलर्स तक पहुंचने के वक्त स्टाकिस्ट का मार्जिन 2 प्रतिशत या 57 रुपए प्रति क्विंटल तथा दिल्ली तक का परिवहन खर्च 5 प्रतिशत या 143 रुपए इसमें जोड़ दिया जाए तो कुल खर्च बढ़कर 3055 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा।
इसकी तुलना में उत्तर प्रदेश की स्थिति का आंकलन करने से ज्ञात होता है कि वहां गेहूं का दाम 2425 रुपए प्रति क्विंटल रहेगा क्योंकि बोनस नहीं है।
मंडी टेक्स (आढ़त- पैकिंग सहित) 7 प्रतिशत या करीब 170 रुपए प्रति क्विंटल बैठेगा। गोदाम का भाड़ा एवं बैंक ऋण पर ब्याज मिलाकर तीन माह का खर्च 90 रुपए (राजस्थान के बराबर) बैठेगा। मंडी शुल्क से गेहूं का दाम 2595 रुपए प्रति क्विंटल तथा गोदाम भाड़ा एवं ब्याज जोड़ने पर 2685 रुपए प्रति क्विंटल हो जाएगा।
मिलों तक पहुंचने का औसत स्टॉकिस्ट मार्जिन 75 रुपए प्रति क्विंटल तथा दिल्ली तक पहुंच का भाड़ा 80 रुपए प्रति क्विंटल (200 कि०मी० तक) जोड़ने के बाद कुल खर्च 2840 रुपए प्रति क्विंटल बैठेगा।
मध्य प्रदेश के साथ भी यही स्थिति रहेगी। इसके फलस्वरूप इस बार उत्तर प्रदेश एवं बिहार जैसे राज्यों में गेहूं की व्यापारिक मांग ज्यादा मजबूत रहने की उम्मीद है।
