Home News
17-Nov-2026 07:33 PM
नई दिल्ली। चालू वित्त वर्ष के दौरान उत्पादक केन्द्रों पर पानी की कमी एवं उत्पादकों को भाव भी उचित न मिलने के कारण देश में मेथी की बिजाई घटने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। वर्तमान में मेथी की बिजाई का कार्य चल रहा है। मेथी का उत्पादन मुख्यतः मध्य प्रदेश, गुजरात एवं राजस्थान में होता है।
जावरा के प्रसिद्ध एवं विश्वसनीय प्रतिष्ठान मै० सेन्चुरी स्पाइसेज प्रा० लि० के डायरेक्टर श्री पंकज लुककड़ का कहना है कि प्रमुख उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश में इस वर्ष मेथी की बिजाई 50 प्रतिशत ही हो पाएगी। जबकि गुजरात में बिजाई 30/35 प्रतिशत रहने के अनुमान लगाए जा रहे है। राजस्थान के बीकानेर, नौखा लाइन पर बिजाई गत वर्ष के बराबर होने की संभावना है। लेकिन हाडौती लाइन पर बिजाई 50 प्रतिशत रहेगी। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष देश में मेथी की बिजाई का क्षेत्रफल 1.15 लाख हेक्टेयर का रहा था जबकि वर्ष 2025 में बिजाई 1.30 लाख हेक्टेयर पर की गई थी।
उत्पादन
वर्ष 2026 के दौरान बिजाई में कमी एवं बिजाई के पश्चात प्रतिकूल मौसम के कारण पैदावार में भी कमी आई और फेडरेशन ऑफ इन्डियन स्पाइस स्टॉक होल्डर्स (फिस्स) द्वारा जारी किए आंकड़ों के अनुसार पैदावार 15/16 लाख बोरी के लगाए गए थे जबकि वर्ष 2025 में उत्पादन 17/17.50 लाख बोरी के लगाए गए थे।
आवक
कुल उत्पादन का अधिकांश माल मंडियों में आ जाने के कारण वर्तमान में मंडियों में आवक काफी कम रह गई है। मध्य प्रदेश की नीमच मंडी में आवक 1400/1500 बोरी एवं जावरा 800/1000 बोरी की चल रही है। गुजरात की राजकोट मंडी में आवक 200/300 बोरी की हो रही है। राजस्थान की कोटा मंडी में आवक 100/200 बोरी एवं नौखा मंडी में 400/500 बोरी की आवक चल रही है।
भाव
वर्तमान में मेथी के भाव मजबूती के साथ बोले जा रहे है क्योंकि आवक कम होने के अलावा मांग अच्छी चल रही है। जिस कारण से उत्पादक केन्द्रों की मंडियों में एवरेज क्वालिटी मेथी का भाव 75/82 रुपए प्रति किलो बोला जा रहा है। उल्लेखनीय है कि आईग्रेन इंडिया ने अपने 23 जुलाई के अंक में लिखा भी था कि आगामी दिनों में मेथी के दामों में 8/10 रुपए प्रति किलो की तेजी संभव है और उस समय मंडियों में भाव 67/71 रुपए के चल रहे थे।
धारणा तेजी की
श्री पंकज लुक्कड़ का कहना है कि मेथी की कीमतों में मंदे की संभावना नहीं है और वर्ष 2027 के दौरान मेथी की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी आने के अनुमान लगाए जा रहे है क्योंकि एक ओर जहां बिजाई क्षेत्रफल में कमी आएगी वहीं दूसरी तरफ बकाया स्टॉक भी काफी कम रह जाएगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि नई फसल आने के समय उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर 2/3 लाख बोरी का स्टॉक रहेगा और अभी तक मिल रहे बिजाई आंकड़ों को देखते हुए वर्ष 2027 में उत्पादन 10/12 लाख बोरी तक सिमट जाएगा।
निर्यात
चालू वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान मेथी निर्यात में गिरावट दर्ज की गई क्योंकि गत दिनों विदेशों में अशांति के चलते निर्यात बुरी तरह से प्रभावित रहा। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-जुलाई 2026 के दौरान मेथी का निर्यात मात्रात्मक रूप से 24 प्रतिशत घटा है जबकि निर्यात भाव कम मिलने के कारण आय में 7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार अप्रैल-जुलाई- 2026 के दौरान मेथी का निर्यात 12841 टन का रहा और निर्यात से प्राप्त आय 115.10 करोड़ की रही। जबकि अप्रैल-जुलाई- 2025 में निर्यात 16943 टन का हुआ था और निर्यात से प्राप्त आय 124 करोड़ की रही थी वर्ष 2025-26 (अप्रैल-मार्च) के दौरान मेथी का कुल निर्यात 47069 टन किया गया था और निर्यात से प्राप्त आय 357.16 करोड़ की रही थी।