Home News

कमजोर मानसून से राजस्थान में सरसों की बिजाई घटी, हरियाणा व मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बढ़ा रुझान

17-Nov-2026 06:03 PM

कमजोर मानसून से राजस्थान में सरसों की बिजाई घटी, हरियाणा व मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बढ़ा रुझान

कमजोर मानसून एवं पानी की सीमित उपलब्धता के कारण राजस्थान में चालू रबी सीजन के दौरान सरसों की बिजाई प्रभावित हुई है। किसानों का रुझान कम पानी की आवश्यकता वाली अन्य फसलों की ओर अधिक रहने से राज्य के प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में सरसों का रकबा घटा है। इसके विपरीत हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर बिजाई बढ़ने की खबर है, जबकि मध्य प्रदेश में भी सरसों का रकबा बढ़ा है।

राजस्थान में सरसों की बिजाई कमजोर

राजस्थान के सुमेरपुर क्षेत्र में सरसों की बिजाई गत वर्ष से 25–30 प्रतिशत, श्रीगंगानगर में 15–20 प्रतिशत, कोटा में 10 प्रतिशत, भरतपुर में 10–15 प्रतिशत तथा निवाई में 30–35 प्रतिशत कम बताई जा रही है। खैरथल में बिजाई गत वर्ष के बराबर, जबकि गंगापुर सिटी में 5–10 प्रतिशत अधिक है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान में सरसों की बिजाई 26.77 लाख हेक्टेयर में हुई है, जो गत वर्ष की समान अवधि से 3.64 लाख हेक्टेयर कम है।

हरियाणा में क्षेत्रीय स्तर पर बिजाई बढ़ी

हरियाणा के चरखी दादरी क्षेत्र में सरसों की बिजाई गत वर्ष से 20 प्रतिशत, हिसार में 20–25 प्रतिशत तथा रेवाड़ी में 5–10 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। हालांकि, सरकारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में कुल बिजाई 5.09 लाख हेक्टेयर रही, जो गत वर्ष की समान अवधि से 0.77 लाख हेक्टेयर कम है।

मध्य प्रदेश में सरसों का रकबा बढ़ा

मध्य प्रदेश के अशोकनगर एवं ग्वालियर क्षेत्रों में सरसों की बिजाई गत वर्ष के बराबर है। वहीं, मुरैना में 25–30 प्रतिशत तथा श्योपुर में 15–20 प्रतिशत अधिक बिजाई होने की खबर है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सरसों की बिजाई 10.26 लाख हेक्टेयर में हुई है, जो गत वर्ष की समान अवधि से 2.74 लाख हेक्टेयर अधिक है।

कुल मिलाकर, सरकारी आंकड़ों के अनुसार राजस्थान में सरसों की बिजाई में गिरावट तथा मध्य प्रदेश में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हरियाणा में सरकारी आंकड़ों और कुछ प्रमुख क्षेत्रों से मिल रही स्थानीय रिपोर्टो  में अंतर देखने को मिल रहा है।