मटर और मसूर पर आयात शुल्क के बारे में घोषणा होने की संभावना
31-Mar-2026 05:32 PM
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार द्वारा पीली मटर एवं मसूर पर आयात शुल्क के बारे में आज कुछ घोषणा किए जाने की संभावना है। वर्तमान समय में पीली मटर पर 30 प्रतिशत का आयात शुल्क सभी देशों के लिए लागू है जबकि मसूर पर 11 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगा हुआ है। भारत में पीली मटर का आयात मुख्यतः कनाडा एवं रूस से तथा मसूर का आयात कनाडा एवं ऑस्ट्रेलिया से होता है।
वर्ष 2025 में इन दोनों दलहनों का भारी आयात हुआ था क्योंकि इस पर शुल्क को स्थगित कर दिया गया था। घरेलू प्रभाग में आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाने तथा कीमतों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया था। शुल्क स्थगन की प्रक्रिया वर्ष 2024 में ही आरंभ हो गई थी। वर्ष 2025 के अंतिम महीनों में आयात शुल्क के ढांचे में परिवर्तन किया गया।
चूंकि भारत कनाडाई मटर और मसूर का सबसे प्रमुख खरीदार है इसलिए यहां आयात शुल्क के ढांचे में होने वाले किसी भी बदलाव का उस पर सीधा असर पड़ सकता है। कनाडा में इन दोनों दलहन फसलों की बिजाई शीघ्र ही आरंभ होने वाली है और इसलिए उसके उत्पादकों की नजर भारत सरकार की घोषणा पर टिकी हुई है। मार्च के प्रथम सप्ताह में कनाडा के प्रधानमंत्री भारत आए थे और भारतीय प्रधानमंत्री से उनकी बातचीत हुई थी।
