मटर का वैश्विक उत्पादन 1.8 प्रतिशत सुधरकर 117.80 लाख टन पर पहुंचा

10-Jan-2025 08:04 PM

रेगिना । एक अग्रणी व्यापार विश्लेषक ने मसूर मटर का वैश्विक उत्पादन वर्ष 2023 के 117 लाख टन से 80 हजार टन या 1.8 प्रतिशत बढ़कर 2024 में 117.80 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है। रूस तथा कनाडा न केवल दो शीर्ष उत्पादक देश हैं बल्कि मटर के उत्पादन में अन्य देशों से बहुत आगे भी हैं।

इन दोनों देशों के अलावा यूरोपीय संघ, भारत तथा अमरीका में भी मटर का अच्छा उत्पादन होता है। पिछले साल रूस तथा ऑस्ट्रेलिया में मटर का उत्पादन घट गया जबकि कनाडा तथा यूरोपीय संघ में उत्पादन बेहतर हुआ।

कनाडा की सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन ने पिछली रिपोर्ट की तुलना में दिसम्बर 2024 की रिपोर्ट में मटर का घरेलू उत्पादन अनुमान 1.63 लाख टन घटाकर 29.97 लाख टन नियत किया जो 2023 के उत्पादन से 15 प्रतिशत ज्यादा मगर 2022 में शानदार उत्पादन 34 लाख टन से करीब 4 लाख टन कम रहा।

2023-24 की तुलना में 2024-25 सीजन के दौरान कनाडा में मटर के बिजाई क्षेत्र में करीब 6 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई थी। बेहतर उत्पादन एवं बकाया स्टॉक के साथ कनाडा में मटर की कुल उपलब्धता 7.4 प्रतिशत बढ़ गई।

हालांकि कनाडा में मटर का निर्यात योग्य स्टॉक ऊंचा है और इसलिए इसके शिपमेंट की गति तेज करने की आवश्यकता पड़ेगी लेकिन यह इतना भारी-भरकम स्टॉक नहीं है जो वहां उत्पादकों एवं निर्यातकों के लिए भार साबित हो सके। 

विश्लेषक के अनुसार 2023 की तुलना में 2024 के दौरान कनाडा में पीली मटर का उत्पादन 2.75 लाख टन बढ़कर 25 लाख टन के करीब पहुंच गया। इसी तरह हरी मटर का उत्पादन करीब 1.30 लाख टन की वृद्धि के साथ 4.25 लाख टन पर पहुंचा।

बकाया स्टॉक के साथ पीली मटर की कुल उपलब्धता 28 लाख टन तथा हरी मटर की उपलब्धता 5.70 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है। 

कनाडा से इस बार मटर का निर्यात प्रदर्शन बेहतर चल रहा है क्योंकि उसे 2024-25 के मार्केटिंग सीजन में भारत को उस समय निर्यात आरंभ करने का अवसर मिल गया जब वहां आयात पर कोई नियंत्रण या शुल्क लागू नहीं था।

भारत सरकार ने शुल्क मुक्त मटर के आयात की समय सीमा 28 फरवरी 2025 तक बढ़ा दी है जो कनाडा के लिए अच्छी सूचना है।