Home News

मोटे अनाजों का रकबा 187.20 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा

07-Oct-2026 05:49 PM

मोटे अनाजों का रकबा 187.20 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा

नई दिल्ली। इस वर्ष खरीफ सीजन में आरंभिक चरण के दौरान मोटे अनाजों के बिजाई क्षेत्र में भारी गिरावट देखी जा रही थी लेकिन बाद में बिजाई की रफ्तार तेज होने से इसका कुल रकबा सुधरकर गत वर्ष से भी कुछ आगे निकल गया। 

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि वर्ष 2026 के खरीफ सीजन में राष्ट्रीय स्तर पर मोटे अनाजों का कुल उत्पादन क्षेत्र सुधरकर 187.20 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो वर्ष 2025 के बिजाई क्षेत्र 186.40 लाख हेक्टेयर से 80 हजार हेक्टेयर या 0.41 प्रतिशत ज्यादा है। हालांकि मक्का के रकबे में भारी गिरावट आ गई और रागी का रकबा भी कुछ पीछे रह गया लेकिन ज्वार, बाजरा एवं स्मॉल मिलेट्स के क्षेत्रफल में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में इस वर्ष खरीफ सीजन के दौरान मक्का का क्षेत्रफल 96.30 लाख हेक्टेयर से 2.9 प्रतिशत घटकर 93.50 लाख हेक्टेयर पर सिमट गया जबकि ज्वार का उत्पादन क्षेत्र 12.60 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 13.90 लाख हेक्टेयर और बाजरा का बिजाई क्षेत्र 62.90 लाख हेक्टेयर से उछलकर 65 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। इस तरह ज्वार के क्षेत्रफल में 10.27 प्रतिशत तथा बाजरा के बिजाई क्षेत्र में 3.32 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई। बारिश की कमी से कुछ राज्यों में फसल कमजोर बताई जा रही है।