मुनाफावसूली बिकवाली से छोटी इलायची नरम
30-Apr-2024 07:20 PM
नई दिल्ली । आज छोटी इलायची की कीमतों में नरमी रही। उल्लेखनीय है कि चालू माह के दौरान छोटी इलायची की कीमतों में 400/500 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की जा चुकी है।
बढ़े भावों पर एक और जहां स्टॉकिस्टों की मुनाफावसूली बिकवाली आ गई है वहीं दूसरी तरफ ऊंचे भावों पर लिवाल पीछे हट गया है जिस कारण से आज दिल्ली बाजार में छोटी इलायची के भाव 25/50 रुपए प्रति किलो तक घट गए हैं।
उत्पादक केन्द्रों पर आज हुई साउथ इंडियन कार्डमम ऑन लाइन ऑक्शन प्रा० लि० नीलामी में 55084 किलो की आवक हुई और 54478 किलो का व्यापार हुआ।
नीलामी में अधिकतम भाव 2893 रुपए एवं एवरेज भाव 2168.26 रुपए प्रति किलो बोले गए। सूत्रों का मानना है कि अगर जल्द उत्पादक केन्द्रों पर बारिश नहीं होती है तो फिर से कीमतों में तेजी का दौर शुरू हो जाएगा।
