मलेशिया में सीपीओ पर निर्यात शुल्क में बढ़ोत्तरी

19-Mar-2026 03:18 PM

कुआलालम्पुर। सरकारी संस्था - मलेशिया पाम ऑइल बोर्ड (एम्पोब) ने एक सूचना जारी की है जिसमें कहा गया है कि क्रूड पाम तेल (सीपीओ) पर निर्यात शुल्क को मार्च के 9 प्रतिशत से बढ़ाकर अप्रैल के लिए 9.5 प्रतिशत निर्धारित किया गया है।

एम्पोब के बयान में आगे कहा गया कि अप्रैल 2026 के लिए मलेशियाई सीपीओ का आधार मूल्य 3935.19 रिंगिट (999.29 डॉलर) प्रति टन निर्धारित किया गया है जो मार्च में 3896.09 रिंगिट (998.23 डॉलर) प्रति टन आंका गया था। इस नए शुल्क के प्रभावी होने पर अप्रैल में मलेशियाई क्रूड पाम तेल पर 94.93 डॉलर प्रति टन का निर्यात शुल्क वसूला जाएगा जो मार्च के निर्यात शुल्क से 5.67 प्रतिशत ज्यादा है।

व्यापार विश्लेषकों का कहना है कि इस भारी-भरकम शुल्क के कारण मलेशियाई सीपीओ का निर्यात ऑफर मूल्य काफी ऊंचा हो जाएगा जिससे इसका शिपमेंट प्रभावित हो सकता है। इससे मलेशिय में पाम तेल के बकाया अधिशेष स्टॉक में और भी वृद्धि होगी जबकि पहले ही यह स्टॉक काफी ऊंचे स्तर पर पहुंच चुका है।

स्टॉक में वृद्धि एवं निर्यात मांग में कमी का असर पाम तेल की कीमतों पर पड़ने की सम्भावना है। फ़िलहाल वहां पाम तेल के उत्पादन का ऑफ सीजन चल रहा है और ऐसी हालत में यदि निर्यात कमजोर रहा तो उद्योग को आगे भारी कठिनाई हो सकती है।