मई में वनस्पति तेलों का आयात बढ़कर 13.70 लाख टन पर पहुंचा

12-Jun-2026 08:25 PM

मुम्बई। एक अग्रणी उद्योग संस्था- सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) के आंकड़ों से पता चलता है कि मई 2026 में देश के अंदर वनस्पति तेलों का कुल आयात बढ़कर 13.70 लाख टन के करीब पहुंचा जो मई 2025 के आयात 12.70 लाख टन से 8 प्रतिशत अधिक रहा।

इसके तहत खाद्य तेलों का आयात 12.50 लाख टन से बढ़कर 13.40 लाख टन तथा अखाद्य तेल का आयात 20 हजार टन से बढ़कर 30 हजार टन पर पहुंच गया।

समीक्षाधीन अवधि के दौरान क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का आयात 5,05,744 टन से सुधरकर 5,46,456 टन, क्रूड डिगम्ड  सोयाबीन तेल का आयात 3,98,585 टन से बढ़कर 4,93,854 टन तथा क्रूड सूरजमुखी तेल का आयात 1,83,555 टन से उछलकर 2,95,726 टन पर पहुंचा। 

उपलब्ध आंकड़ों से ज्ञात होता है कि मई में खाद्य तेल का आयात अप्रैल से भी 2.4 प्रतिशत अधिक हुआ। इसमें क्रूड डीगम सोयाबीन तेल का विशेष योगदान रहा। पाम तेल एवं सोयाबीन तेल के बीच मूल्यान्तर में कमी आने से सोया तेल का आयात तेजी से बढ़ा। नवम्बर 2025 से मई 2026 के दौरान सीपीओ का आयात बढ़कर 45 लाख टन पर पहुंच गया।