खरीदारों की सतकर्ता से काबुली चना का भाव स्थिर
30-Nov-2023 08:13 PM
वैंकुवर । पश्चिमी कनाडा में काबुली चना का भाव 54-55 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर बना हुआ है। खरीदार इसकी लिवाली में काफी सावधानी बरत रहे हैं। एक तो इसके उत्पादन के आंकड़े पर संदेह बना हुआ है और पिछला बकाया स्टॉक काफी कम है जबकि इसकी ग्रेडिंग एवं साइजिंग भी ठीक ढंग से नहीं हो पाई है।
खरीदार बोली लगाने से पूर्व इसकी तस्वीर स्पष्ट होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। व्यापार विश्लेषकों के अनुसार आगामी दिनों में खरीद की गति बढ़ने पर काबुली चना के दाम में कुछ सुधार आ सकता है। देसी चना में खरीदारों की दिलचस्पी नए सिरे से बढ़ रही है।
भारत तथा ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में देसी चना की फसल पर नजर रखी जा रही है। ऑस्ट्रेलिया में मूसलाधार बारिश होने से फसल को कुछ नुकसान पहुंचने की आशंका है जबकि भारत में इसका क्षेत्रफल गत वर्ष से पीछे चल रहा है।
कनाडा से काबुली चना का निर्यात नियमित रूप से हो रहा है और इसका दाम भी उत्पादकों के लिए लाभप्रद स्तर पर बना हुआ है। इतना ही नहीं बल्कि वहां अगले वर्ष उत्पादित होने वाले काबुली चना की खरीद- बिक्री के लिए भी अफ्रीम अनुबंध शुरू हो गए हैं।
वर्ष 2024 में काबुली चना की खेती करने वाले किसानों में प्रमाणित बीज के प्रति तीव्र आकर्षण देखा जा रहा है जिससे संकेत मिलता है कि अगले साल वहां इसका क्षेत्रफल बढ़ सकता है।
उत्पादक अपने स्टॉक को ऊंचे दाम पर बेचने का प्रयास कर रहे हैं। बिक्री की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। स्टैट्स कैन ने कनाडा में चना का उत्पादन बढ़ने का अनुमान लगाया है। मोटे तौर पर वहां करीब 90 प्रतिशत काबुली चना तथा 10 प्रतिशत देसी चना का उत्पादन होता है।
