कर्नाटक के यदगीर में तुवर की खरीद हेतु 21 क्रय केन्द्र खोले गए

07-Jan-2025 08:14 PM

यदगीर । अरहर (तुवर) के सबसे अग्रणी उत्पादक प्रान्त- कर्नाटक के यदगीर जिले में मूल्य समर्थन योजना के तहत किसानों से इस महत्वपूर्ण दलहन की सरकारी खरीद के लिए आवश्यक तैयारी शुरू हो गई है।

केन्द्र सरकार ने 2024-25 के मार्केटिंग सीजन हेतु तुवर का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 7550 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है और किसानों से इसी दाम पर तुवर की खरीद की जाएगी।

कर्नाटक सरकार ने किसानों से तुवर की खरीद के लिए सहकारी विपणन महासंघ बोर्ड को नोडल एजेंसी के तौर पर नियुक्त किया।

यदगीर के उपयुक्त द्वारा फिर एक विज्ञप्ति के अनुसार तुवर की खरीद के उद्देश्य से जिले में 21 क्रय केन्द्र चिन्हित किए गए हैं जहां किसान अपने नाम का रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

रजिस्ट्रेशन की अवधि 75 दिनों की होगी। यानी किसान 20 मार्च 2025 तक अपना पंजीकरण करवा सकेंगे। इसी तरह खरीद की समय सीमा 90 दिन या तीन माह नियत की गई है। 

यदगीर जिले में तुवर की खरीद के लिए शाहपुर, हट्टीकुनी, यदगीर चामनाल, रामसामुद्रा, होसाफेरा, गंगानाल, दौरानाझल्ली, भोरपुर, केंभावी 1 और 2, मालागट्टी, नागानूर, हुंसागी, कोडेकल, राजन कोल्लूर तथा हय्याल सहित कुछ अन्य स्थानों पर भी क्रय केन्द्र स्थापित किए गए हैं।

कोशिश यह की गई है कि किसानों को अपना उत्पाद बेचने के लिए ज्यादा दूर न जाना पड़े और न ही उसे कोई असुविधा हो।

उपयुक्त ने तुवर की बिक्री के इच्छुक किसानों को नियत समयावधि के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन करवाने का सुझाव दिया है ताकि बाजार भाव घटने की स्थिति में उन्हें सरकारी समर्थन मूल्य का लाभ प्राप्त हो सके।