केन्द्रीय पूल में 1 जनवरी को 475 लाख टन चावल एवं गेहूं का स्टॉक

10-Jan-2025 08:35 PM

नई दिल्ली । चावल की बेहतर खरीद होने से केन्द्रीय पूल में इसका स्टॉक बढ़ रहा है मगर गेहूं की निकासी होने से इसके स्टॉक में कमी आ रही है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 1 दिसम्बर 2024 की तुलना में 1 जनवरी 2025 को केन्द्रीय पूल में खाद्यान्न का कुल स्टॉक 486.28 लाख टन से घटकर 475.03 लाख टन रह गया।

इसके तहत चावल का स्टॉक 280.28 लाख टन से उछलकर 290.92 लाख टन पर पहुंचा जबकि गेहूं का स्टॉक 206 लाख टन से घटकर 184.11 लाख टन रह गया।

इसके अलावा धान का स्टॉक 351.29 लाख टन से बढ़कर 476.28 लाख टन हो गया मगर मोटे अनाजों का स्टॉक 2.22 लाख टन से गिरकर 1.82 लाख टन पर आ गया। 

1 जनवरी 2024 को केन्द्रीय पूल में 181.76 लाख टन चावल तथा 163.53 लाख टन गेहूं के साथ कुल 345.29 लाख टन खाद्यान्न एवं 499.58 लाख टन धान तथा 1.77 लाख टन मोटे अनाजों का स्टॉक भी उपलब्ध था।

इस तरह देखा जाए तो 1 जनवरी 2024 की तुलना में 1 जनवरी 2025 को चावल के स्टॉक में 109.16 लाख एवं गेहूं के स्टॉक में 20.58 लाख टन की बढ़ोत्तरी हुई जबकि धान का स्टॉक 23.30 लाख टन घट गया।

खरीफ कालीन धान-चावल की सरकारी खरीद अभी जारी है इसलिए आगे इसके स्टॉक में वृद्धि का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

धान की जोरदार कस्टम मिलिंग हो रही है और खाद्य निगम के गोदामों पर इसकी आपूर्ति बढ़ने लगी है। लेकिन गेहूं का स्टॉक नियमित रूप से घटने की संभावना है क्योंकि ओएमएसएस के तहत भी इसकी बिक्री की जा रही है।