Home News
07-Oct-2026 03:42 PM
विनीपेग। मटर के अग्रणी उत्पादक एवं निर्यातक देश- कनाडा से इस महत्वपूर्ण दलहन का निर्यात प्रदर्शन अगस्त 2026 में काफी अच्छा रहा। हालांकि नई फसल की कटाई-तैयारी में बेमौसमी वर्षा से व्यवधान उत्पन्न हो रहा है लेकिन पिछले साल का भारी-भरकम बकाया स्टॉक मौजूद रहने से निर्यात शिपमेंट में कोई कठिनाई नहीं हो रही है। वैसे कनाडा में 2026-27 सीजन के दौरान मटर के उत्पादन में गिरावट आने की संभावना है और बकाया स्टॉक वाली मटर की क्वालिटी के प्रति संदेह बना हुआ है क्योंकि अच्छी गुणवत्ता वाले माल का निर्यात शिपमेंट पहले ही हो चुका है।
सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन की रिपोर्ट के अनुसार कनाडा से मटर का निर्यात जुलाई के 83,300 टन से उछलकर अगस्त 2026 में 1,48,441 टन पर पहुंच गया जो अगस्त 2025 के शिपमेंट से करीब 64 प्रतिशत अधिक है। अगस्त 2026 में चीन इसका सबसे प्रमुख खरीदार रहा जिसने अकेले 1,11,652 टन का आयात किया। इसके बाद अमरीका दूसरे स्थान पर रहा जिसने 12,763 टन कनाडाई मटर का आयात किया। थाईलैंड 5202 टन के आयात के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
ध्यान देने की बात है कि भारत कनाडाई मटर का सबसे प्रमुख आयातक देश है जहां सिर्फ पीली मटर का आयात होता है लेकिन अगस्त 2026 में वह कनाडाई मटर के तीन शीर्ष आयातक देशों की सूची से बाहर रहा। घरेलू प्रभाग में उस समय मटर का भाव काफी हद तक सामान्य स्तर पर शांत बना हुआ था। रूस-यूक्रेन से शिपमेंट में बाधा पड़ने के कारण कनाडा को आगे भी अपनी मटर का निर्यात शिपमेंट बढ़ाने का अच्छा अवसर मिल सकता है।