कनाडा से मटर का निर्यात बढ़ा- काबुली चना के शिपमेंट में गिरावट

08-Jan-2025 12:38 PM

वैंकुवर । कनाडा से 2024 -25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) के दौरान नवम्बर 2024 तक पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले मटर के निर्यात में तो अच्छी बढ़ोत्तरी हुई मगर मसूर एवं काबुली चना के शिपमेंट  में गिरावट दर्ज की गई।  

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कनाडा से अगस्त-नवम्बर 2024 के चार महीनों में 12,66,530 टन मटर का निर्यात हुआ जो वर्ष 2023 की समान अवधि के शिपमेंट 9,81,806 टन से काफी अधिक रहा।

वहां से अक्टूबर 2024 में 4,37,635 टन मटर का निर्यात हुआ था मगर नवम्बर में यह घटकर महज 2,00,836 टन पर अटक गया। नवम्बर 2024 में कनाडा से भारत को 77,637 टन, चीन को 38540 टन तथा बांग्ला देश को 25,613 टन मटर का निर्यात किया गया। 

इसी तरह मसूर का निर्यात अगस्त-नवम्बर 2023 के 7,31,582 टन से बढ़कर अगस्त-नवम्बर 2024 में 8,30,378 टन पर पहुंच गया।

वैसे अक्टूबर 2024 की तुलना में नवम्बर 2024 के दौरान मसूर का निर्यात 3,32,400 टन से घटकर 2,65,544 टन रह गया।

नवम्बर 2024 में कनाडाई मसूर के तीन शीर्ष खरीदारों में भारत, तुर्किए एवं पाकिस्तान शामिल थे जिसने वहां से क्रमश: 1,37,277 टन, 24,840 टन एवं 14,252 टन मसूर का आयात किया।  

जहां तक काबुली चना का सवाल है तो कनाडा से अक्टूबर के मुकाबले नवम्बर में इसका निर्यात 12,516 टन से बढ़कर 20,443 टन पर पहुंचा मगर अगस्त-नवम्बर 2023 की तुलना में अगस्त-नवम्बर 2024 के दौरान इसका शिपमेंट 66,478 टन से घटकर 53,183 टन रह गया।

नवम्बर 2024 में पाकिस्तान ने कनाडा से सर्वाधिक 5289 टन काबुली चना मंगाया जबकि तुर्किए ने 4311 टन तथा अमरीका ने 2109 टन का आयात किया।

वर्ष 2023 की तुलना में 2024 के दौरान कनाडा में मटर, मसूर एवं काबुली चना के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।