कनाडा में मसूर का निर्यात 21 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान

19-Mar-2026 01:55 PM

वैंकुवर। कनाडा से 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) में मसूर का कुल निर्यात बढ़कर 21 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। फ़िलहाल भारत, तुर्की एवं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) इसके तीन प्रमुख आयातक देश बने हुए हैं। वैसे चालू मार्केटिंग सीजन के शुरूआती पांच महीनों में यानी अगस्त से दिसम्बर 2026 के दौरान कनाडा से कुल 10.30 लाख टन मसूर का निर्यात हुआ जो 2024-25 सीजन की समानअवधि के शिपमेंट से 6 प्रतिशत कम था।

विशाल उत्पादन एवं सामान्य कारोबार के कारण कनाडा में मसूर का बकाया अधिशेष स्टॉक बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने की सम्भावना है जिससे कीमतों पर आगे भी दबाव कायम रह सकता है। चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान कनाडाई मसूर का औसत मूल्य घटकर 510 डॉलर प्रति टन के करीब रह जाने का अनुमान है।

इसके फलस्वरूप उत्पादकों को आकर्षक आमदनी प्राप्त नहीं होगी और इसलिए कनाडा में 2026-27 सीजन के लिए मसूर का बिजाई क्षेत्र घटकर 16.70 लाख हेक्टेयर पर सिमट जाने की सम्भावना है। इसके साथ-साथ वहां फसल की औसत उपज दर भी कमजोर रहने का अनुमान है जिससे मसूर का कुल उत्पादन घटकर 23.50 लाख टन पर सिमट सकता है। इसके बावजूद विशाल बकाया स्टॉक के सहारे वहां इस महत्वपूर्ण दलहन की कुल आपूर्ति 3 प्रतिशत बढ़कर 41.20 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है। 2026-27 के सीजन में निर्यात कुछ बढ़कर 22 लाख टन पर पहुंच सकता है। जिससे बकाया अधिशेष स्टॉक में थोड़ी गिरावट आ सकती है।