कनाडा में कृषि उत्पादों का विशाल स्टॉक रहने से किसान दुविधा में
16-Mar-2026 04:50 PM
सस्काटून। कनाडा में अगले महीने (अप्रैल) से विभिन्न फसलों की बिजाई आरंभ होने वाली है लेकिन विशाल बकाया स्टॉक मौजूद रहने से किसान असमंजस में हैं। दरअसल न केवल किसानों के पास गेहूं, कैनोला एवं दलहन आदि का भारी-भरकम स्टॉक उपलब्ध है
बल्कि इसका दाम भी घटकर काफी नीचे आ गया है। इससे किसान यह निर्णय नहीं ले पा रहे हैं कि किन फसलों का उत्पादन क्षेत्र बढ़ाया जाए और किन फसलों के बिजाई क्षेत्र में कटौती की जाए।
एक अग्रणी विश्लेषक के अनुसार बाजार में अभी चक्रीय स्थिति बनी हुई है। तमाम प्रमुख कृषि उत्पादों की आपूर्ति एवं उपलब्धता सुगम देखी जा रही है। उत्पादकों को नीचे दाम पर अपना उत्पाद बेचना पड़ रहा है क्योंकि वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा बहुत बढ़ गई है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 के दौरान कनाडा में अनाज, दलहन, तिलहन एवं अन्य फसलों का सकल उत्पादन बढ़ कर 10.60 करोड़ टन के उच्च स्तर पर पहुंच गया जो 2024 के कुल उत्पादन से करीब एक करोड़ टन ज्यादा था।
विश्लेषक के अनुसार किसानों द्वारा 2024-25 की तुलना में 2025-26 के सीजन में करीब 30 लाख टन अधिक कृषि उत्पादों की बिक्री पहले ही की जा चुकी है।
इसका कुल निर्यात भी 2.50 लाख टन पर पहुंच चुका है जो पंचवर्षीय औसत से करीब 25 लाख टन ज्यादा है। लेकिन इसके बावजूद वहां करीब 1 करोड़ टन कृषि उत्पादों का ऐसा स्टॉक बचा है जो किसानों के लिए सिरदर्द बना हुआ है।
