कनाडा में काबुली चना का उत्पादन 52 प्रतिशत बढ़कर 2.87 लाख टन पर पहुंचा
10-Jan-2025 04:26 PM
टोरंटो । हालांकि सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन ने काबुली चना का उत्पादन अनुमान पिछली रिपोर्ट के 3.27 लाख टन से 40 हजार टन घटाकर अब 2.87 लाख टन निर्धारित किया है लेकिन फिर भी यह आंकड़ा वर्ष 2023 के उत्पादन से 52 प्रतिशत ज्यादा है।
प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर में कनाडा से 12,500 टन काबुली चना का निर्यात हुआ जो पंचवर्षीय औसत के लगभग बराबर था मगर पिछले साल के जोरदार निर्यात की तुलना में कम रहा।
नवम्बर 2024 में निर्यात प्रदर्शन बेहतर रहा और कुल शिपमेंट बढ़कर 20,444 टन पर पहुंच गया। वैसे अगस्त-नवम्बर 2023 की तुलना में अगस्त नवम्बर 2024 के दौरान वहां से काबुली चना का कुल निर्यात 66,478 टन से घटकर 53,183 टन पर अटक गया।
काबुली चना के लिए निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए कनाडा को आगामी महीनों में निर्यात की गति बढ़ाने की आवश्यकता पड़ेगी।
मैक्सिको में काबुली चना की बिजाई की गति सामान्य से कुछ धीमी देखी जा रही है जिससे 2025 की फसल के लिए वहां इसके क्षेत्रफल में कुछ गिरावट आ सकती है।
उधर रूस में अच्छी क्वालिटी के काबुली चना का स्टॉक काफी कम बताया जा रहा है जिससे उसके निर्यात की क्षमता पर असर पड़ सकता है। भारत में देसी चना का आयात लगातार जारी है।
कनाडा में काबुली चना का भाव काफी हद तक स्थिर बना हुआ है और निकट भविष्य में इसमें ज्यादा उतार-चढ़ाव आने के आसार नहीं हैं।
अगले सप्ताह सस्काटून में वार्षिक फसल उत्पादन शो आयोजित होने वाला है और तब स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो सकेगी।
