Home News
24-Sep-2026 12:47 PM
सस्काटून। पश्चिमी कनाडा के प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में बेमौसमी वर्षा होने से काबुली चना फसल की कटाई-तैयारी में बाधा पड़ रही है और इसकी उपज दर एवं क्वालिटी के प्रति चिंता बढ़ती जा रही है। इससे कीमतों के ऊपर उठने का समय मिल रहा है।
काबुली चना का भाव बढ़कर अब 28-30 सेंट प्रति पौंड पर पहुंच गया है। माल की क्वालिटी, साइज एवं आपूर्ति की अवधि के आधार पर काबुली चना का दाम अलग-अलग देखा जा रहा है।
पिछले साल कनाडा में काबुली चना का उत्पादन तेजी से बढ़कर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। उसमें से जो माल अच्छी क्वालिटी का था उसके अधिकांश भाग का विदेशों में निर्यात हो गया वहां हल्की क्वालिटी के माल का भारी-भरकम स्टॉक बचा हुआ है।
चालू वर्ष के दौरान कनाडा में उत्पादन घटने की संभावना है और असामयिक वर्षा तथा कीड़ों-रोगों के प्रकोप से इसकी क्वालिटी भी प्रभावित होने की आशंका है। इसके परिणाम स्वरूप वहां अच्छी क्वालिटी एवं बड़ी साइज के काबुली चना का स्टॉक सीमित रहने का अनुमान है जिससे निर्यात योग्य स्टॉक में कमी आ सकती है।
पशु आहार निर्माण के हल्की क्वालिटी के काबुली एवं देसी चना की मांग एवं खपत ज्यादा होती है लेकिन इसके लिए कनाडा का बाजार ज्यादा लम्बा चौड़ा नहीं है। इसे देखते हुए आने वाले महीनों में वहां चना की कीमतों पर दबाव कुछ बढ़ सकता है। भारत में जल्दी ही चना की बिजाई आरंभ होने वाली है मगर प्रमुख उत्पादक राज्यों में नमी का अभाव देखा जा रहा है।