कनाडा के काबुली चना का बिजाई क्षेत्र 3.40 लाख हेक्टेयर पर पहुंचने का अनुमान
21-Mar-2024 02:13 PM
टोरंटो। बकाया स्टॉक कम रहने तथा अन्य फसलों की तुलना में ज्यादा वापसी हासिल होने की सम्भावन से उत्साहित कनाडा के किसान इस वर्ष काबुली चना की खेती में अच्छी दिलचस्पी दिखा सकते हैं। कनाडा के कृषि मंत्रालय ने इस दलहन का बिजाई क्षेत्र बढ़कर 3.40 लाख हेक्टेयर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाते हुए इसका उत्पादन भी सुधरकर 2.25 लाख टन पर पहुंचने की सम्भावना व्यक्त की है। कम बकाया स्टॉक के बावजूद उत्पादन में होने वाली वृद्धि के कारण काबुली चना की कुल उपलब्धता 2023-24 सीजन की तुलना में अधिक होने की उम्मीद की जा रही है लेकिन इसके निर्यात में ज्यादा बदलाव होने के आसार नहीं हैं। अंतिम अधिशेष स्टॉक कुछ बढ़ सकता है। 2024-25 के मार्केटिंग सीजन के दौरान काबुली चना का औसतन मूल्य 2023-24 सीजन से कुछ नीचे रहने की सम्भावना है। इसका कारण वैश्विक स्तर पर आपूर्ति एवं उपलब्धता में इजाफा होना बताया जा रह है।
कृषि मंत्रालय ने 2022-23 सीजन की तुलना में 2023-24 सीजन के दौरान कनाडा से काबुली चना का निर्यात कुछ घटने का अनुमान लगाया है। अगस्त 2023 से शुरू हुआ वर्तमान मार्केटिंग सीजन मई 2024 तक जारी रहेगा। अमरीका और पाकिस्तान में इसकी मांग कमजोर देखी जा रही है। निर्यात में गिरावट के बावजूद चालू सीजन के अंत में वहां इसका अंतिम बकाया स्टॉक कम रहने की सम्भावना है जबकि इसका औसत मूल्य गत वर्ष की तुलना में बढ़कर इस बार 1080 डॉलर प्रति टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान है। अमरीका में काबुली चना उत्पादन 28 प्रतिशत उछलकर 2.14 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान अमरीकी कृषि विभाग ने लगाया है। अगले महीने से कनाडा में इसकी बिजाई शुरू होने वाली है।
