Home News

कुछ दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना

24-Nov-2026 01:11 PM

कुछ दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना

चेन्नई। उत्तर-पूर्व मानसून की सक्रियता को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में तमिलनाडु, पांडीचेरी एवं केरलम जैसे राज्यों के कई भागों में भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दाब का क्षेत्र या डिप्रेशन का निर्माण हो रहा है जो चालू सीजन का चौथा डिप्रेशन होगा। वैसे मौसम विभाग ने अभी तक इसके समुद्री चक्रवाती तूफान के रूप में बदलने अथवा इससे सावधान रहने का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। 

इससे पूर्व अकवान नामक समुद्री तूफान के प्रभाव से तमिलनाडु के कुछ भागों में थोड़ी-बहुत वर्षा हुई थी और अब एक पूर्वी लहर की वजह से वहां बारिश होने की उम्मीद है जिसकी काफी जरूरत भी है। राज्य के कई क्षेत्रों में वर्षा की कमी महसूस की जा रही है। बारिश के इस दौर का विस्तार तमिलनाडु से आगे पांडीचेरी एवं कराईकल से होते हुए दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ अन्य हिस्सों तक होने की उम्मीद है। 

मौसम विभाग ने 24 से 27 नवम्बर 2026 के दौरान उपरोक्त राज्यों में कहीं-कहीं अत्यन्त मूसलाधार वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है। आज (24 नवम्बर) से पूर्वी वायु लहर की गतिविधि जोर पकड़ने की संभावना है। एक तरंग तमिलनाडु एवं आंध्र-प्रदेश तट की ओर बढ़ रही है जो बंगाल की खाड़ी से उत्पन्न हुई है जबकि दूसरी लहर केरल के पास अरब सागर से आ रही है जो कर्नाटक तक पहुंच सकती है।

दक्षिणी राज्यों में बारिश की कमी से पहले ही खरीफ फसलों को भारी नुकसान हो चुका है और रबी फसलों पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है। वहां बांधों-जलाशयों में भी पानी का स्तर घटकर काफी नीचे आ गया है। अब जो वर्षा होगी उससे कुछ राहत मिल सकती है।