Home News

चीनी का एक्स मिल भाव घटा- खुदरा भाव उच्च स्तर पर बरकरार

24-Nov-2026 01:45 PM

चीनी का एक्स मिल भाव घटा- खुदरा भाव उच्च स्तर पर बरकरार

नई दिल्ली। दोनों शीर्ष उत्पादक प्रांतों- महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश से नई आपूर्ति बढ़ने के कारण दीपावली के बाद से राष्ट्रीय स्तर पर चीनी के एक्स फैक्टरी मूल्य में तो 4-5 प्रतिशत की गिरावट आई है लेकिन खुदरा बाजार भाव पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है और वह अब भी अत्यन्त ऊंचे स्तर पर बरकरार है। वैसे आगामी सप्ताहों के दौरान चीनी का दाम काफी हद तक स्थिर रहने या कुछ नरम पड़ने की  संभावना है।

लगभग सभी प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में गन्ना की क्रशिंग जोर पकड़ने लगी है जिससे चीनी के उत्पादन में सुधार आ रहा है। उत्तर प्रदेश में अभी तक करीब 25 प्रतिशत चीनी मिलों में गन्ना की क्रशिंग आरम्भ नहीं हो सकी है। 

चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान 23 नवम्बर 2026 तक महाराष्ट्र में लगभग 26 लाख टन तथा उत्तर प्रदेश में करीब 7 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ। महाराष्ट्र में अधिकांश इकाइयों ने अक्टूबर में ही गन्ना की क्रशिंग शुरू कर दी थी जबकि उत्तर प्रदेश में अधिकतर चीनी मिलें नवम्बर में चालू हुई। कर्नाटक में भी गन्ना की क्रशिंग जोर पकड़ने लगी है जो चीनी का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है। 

लग्नसरा एवं मांगलिक उत्सवों का समय होने से अभी चीनी में जबरदस्त घरेलू मांग देखी जा रही है। अगले 4-5 दिनों में दिसम्बर का फ्री सेल कोटा घोषित होने वाला है जो चीनी बाजार को आंशिक रूप से   प्रभावित कर सकता है।