जबरन श्रमिक उपयोग से उत्पादित सामानों पर अमरीका लगा सकता है अतिरिक्त शुल्क
04-Jun-2026 05:53 PM
नई दिल्ली। एक तरफ द्विपक्षीय मुक्त व्यापार के लिए अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अमरीकी प्रतिनिधिमंडल भारतीय अधिकारियों के साथ नई दिल्ली में पिछले दो-तीन दिनों से बातचीत कर रहा है तो दूसरी ओर अमरीका अब नया पैंतरा आजमाने के फिराक में है।
वह भारत के ऐसे उत्पादों पर 12.5 प्रतिशत का अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने की संभावना पर विचार कर रहा है जिसके निर्माण में जबरदन श्रमिकों का उपयोग किया जाता है। जानकार सूत्रों के मुताबिक इस तरह का अतिरिक्त सीमा शुल्क दुनिया के अन्य कई देशों के उत्पादों पर भी लागू किया जा सकता है।
अमरीकी व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने 12 प्रतिशत का जबरदन श्रमिक सीमा शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है और इस पर 6 जुलाई 2026 तक लोगों से राय, टिप्पणी तथा सलाह देने के लिए कहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि अमरीका अब भारत सहित कई अन्य देशों से अपने उत्पादों पर सीमा शुल्क में रियायत पाने के लिए नए बहाने तलाश कर रहा है।
59 अन्य देशों के उत्पादों पर भी यह शुल्क लागू करने का प्रस्ताव है। भारतीय उत्पादों पर अमरीका में 18 प्रतिशत का आयात शुल्क पहले से ही लागू है। अतिरिक्त सीमा शुल्क लगने पर कठिनाई बढ़ जाएगी।
