इंडोनेशिया में मक्का का उत्पादन अगले सीजन में बढ़ने के आसार

21-Nov-2023 06:25 PM

जकार्ता । अल नीनो मौसम चक्र के कारण इंडोनेशिया के किसानों ने अर्द्ध सिंचित इलाकों में 2022-23 सीजन के दौरान धान के बजाए मक्का की खेती पर जोर दिया जिससे वहां इसका रकबा कुछ बढ़ा लेकिन वर्षा पर आश्रित क्षेत्रों में मक्का की खेती कम क्षेत्रफल में हुई।

इसे देखते हुए अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा पोस्त) ने इंडोनेशिया में 2021-22 सीजन के मुकाबले 2022-23 के सीजन में मक्का का बिजाई क्षेत्र 39 लाख हेक्टेयर से घटकर 38.50 लाख हेक्टेयर तथा कुल उत्पादन 127 लाख टन से गिरकर 123 लाख टन पर सिमट जाने की संभावना व्यक्त की। 

लेकिन 2023-24 सीजन के लिए उस्डा पोस्ट का आंकड़ा बेहतर है। पोस्ट ने 2023-24 के सीजन में इंडोनेशिया में मक्का का बिजाई क्षेत्र बढ़कर 29.50 लाख हेक्टेयर तथा कुल उत्पादन सुधरकर 129 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है।

पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार 2023-24 सीजन के दौरान इंडोनेशिया में 10.67 लाख टन के पिछला बकाया स्टॉक, 129 लाख टन के उत्पादन तथा 12 लाख टन के आयात के साथ मक्का की कुल उपलब्धता 151.67 लाख टन पर पहुंचने की संभावना है।

इसमें से 2 हजार टन का निर्यात एवं 141 लाख टन का घरेलू उपयोग होने का अनुमान है। इसमें 98 लाख टन मक्का का उपयोग पशु आहार निर्माण, अवशिष्ट तथा अन्य औद्योगिक उद्देश्यों में होने की संभावना है जबकि 43 लाख टन की खपत मानवीय खाद्य उद्देश्य में होने का अनुमान है।

मांग एवं आपूर्ति का यह समीकरण बनने से 2023-24 के मार्केटिंग सीजन के अंत में इंडोनेशिया में 10.65 लाख टन मक्का का अधिशेष स्टॉक बच सकता है।

उस्डा पोस्ट ने 2023-24 सीजन के दौरान इंडोनेशिया में मक्का की औसत उत्पादकता दर 3.27 टन प्रति हेक्टेयर रहने का अनुमान लगाया है। इंडोनेशिया से मक्का का नगण्य निर्यात होता है।