हल्दी के भाव मजबूत
02-May-2024 07:30 PM
नई दिल्ली । आज हल्दी के भाव मजबूती के साथ बोले गए। सूत्रों का कहना है कि उत्पादक केन्द्रों पर कमजोर आवक एवं हाजिर बाजारों में बढ़ती मांग के कारण वायदा एवं हाजिर बाजारों में हल्दी की कीमतें तेजी के साथ बोली जा रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेलंगाना की प्रमुख मंडी निजामाबाद में कुल हल्दी उत्पादन 12 लाख बोरी के अनुरूप लगाए जा रहे हैं और अभी तक लगभग 9 लाख बोरी की आवक मंडियों में हो चुकी है।
इरोड एवं सांगली मंडी में लगभग कुल उत्पादन का लगभग 70/75 प्रतिशत माल मंडियों में आ चुका है। आगामी दिनों में महाराष्ट्र की मराठवाड़ा मंडियों में भी आवक घटनी शुरू हो जाएगी।
इस वर्ष पैदावार गत वर्ष के 80/85 लाख बोरी के मुकाबले 48/50 लाख बोरी रहने के समाचारों से हल्दी बाजार में मंदे की संभावना नहीं है और इस वर्ष हल्दी का रिकॉर्ड भाव बनने की संभावना है।
हालांकि भाव अधिक होने के कारण जुलाई माह में होने वाली बिजाई अधिक क्षेत्रफल पर की जाएगी। मौसम विभाग का कहना है कि इस वर्ष मानसून भी अच्छा रहेगा।
