घटेगा मेथी का उत्पादन : स्टॉक भी कम
23-Jan-2024 06:40 PM
नई दिल्ली । प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात, मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में इस वर्ष बिजाई का क्षेत्रफल घटने के कारण मेथी का उत्पादन गत वर्ष की तुलना में कम रहने के समाचार है। उत्पादन घटने के अलावा स्टॉक भी गत वर्ष की तुलना में कम रहने के अनुमान है।
जावरा स्थित सेंचुरी स्पाइसेज के श्री पंकज लुक्कड़ का कहना है कि गत वर्ष फरवरी-मार्च माह में मेथी उत्पादन का अनुमान 18/20 लाख बोरी का लगाया जा रहा था। लेकिन पूरे सीजन मंडियों में भरपूर आवक होने के कारण 22/23 लाख बोरी उत्पादन माना जा रहा है।
जबकि चालू सीजन के दौरान उत्पादन 18/20 लाख बोरी होने के पूर्वानुमान है। प्रमुख उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश में इस वर्ष उत्पादन 11/12 लाख बोरी, राजस्थान 4/5 लाख बोरी एवं राजस्थान 3/3.50 लाख बोरी होने की संभावना है। जबकि गत वर्ष मध्य प्रदेश में उत्पादन 13/14 लाख बोरी राजस्थान 5/6 लाख बोरी एवं गुजरात 3.5/4 लाख बोरी का रहा था।
स्टॉक
1 मार्च 2023 को उत्पादक केन्द्रों पर मेथी का स्टॉक लगभग 8/9 लाख बोरी का था जोकि इस वर्ष घटकर 4 लाख बोरी के आसपास रहेगा। उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर नई मेथी की आवक मार्च माह में शुरू हो जाएगी।
मंदा तेजी
वर्तमान मंडियों में मेथी के भाव 5900/6300 रुपए प्रति क्विंटल चल रहे हैं जोकि आवक के दबाव के समय नीचे में 5600/5800 रुपए बन सकते हैं। इससे नीचे भाव बनने की संभावना नहीं है।
जहां तक तेजी का सवाल है तेजी निर्यात पर निर्भर करेगी। क्योंकि निर्यात कम होने के कारण चालू सीजन के दौरान मेथी की कीमतों में आशानुरूप तेजी नहीं बन पाई।
निर्यात
चालू सीजन के प्रथम सात माह अप्रैल-अक्टूबर 2023 के दौरान मेथी का निर्यात 16489.41 टन का हुआ था जबकि गत वर्ष अप्रैल-अक्टूबर 2022 के दौरान निर्यात 23988 टन का हुआ था। नवम्बर - 2023 के दौरान भी मेथी का निर्यात गत वर्ष के 2145.53 टन के मुकाबले 2059.68 टन का रहा है।
