घरेलू उत्पादन बढ़ने से मिस्र में चीनी के आयात पर पाबंदी जारी

16-Mar-2026 12:28 PM

काहिरा। अफ्रीकी देश- मिस्र में घरेलू उत्पादन बढ़ने से एक बार फिर चीनी के आयात पर पाबन्दी की समय सीमा एक माह के लिए बढ़ा दी गई है।

वहां 16 नवम्बर 2025 को चीनी के आयात पर मार्च 2026 तक के लिए प्रतिबंध लगाया गया था जिसे अब अप्रैल 2026 के अंत तक बढ़ा दिया गया है। घरेलू उत्पादन में अच्छी वृद्धि हुई। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मिस्र में चीनी का उत्पादन 2023-24 सीजन की तुलना में 19 प्रतिशत बढ़कर 2024-25 के सीजन में 31 लाख टन पर पहुंच गया जिसमें चुकंदर से निर्मित चीनी की भागीदारी 77 प्रतिशत तथा गन्ना से उत्पादित चीनी की हिस्सेदारी 23 प्रतिशत रही।

2025-26 के सीजन में भी वहां चीनी का उत्पादन करीब 3 प्रतिशत सुधरकर 31.80 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है। 2024-25 में वहां चीनी की घरेलू खपत बढ़कर 37.50 लाख टन पर पहुंची थी जबकि 12.60 लाख टन का आयात हुआ था।