गत एक माह के दौरान दाल, चावल एवं चीनी के दाम में मामूली इजाफा
11-May-2024 04:25 PM
नई दिल्ली । पिछले एक माह के दौरान घरेलू प्रभाग में प्रमुख दालों, चावल एवं चीनी का भाव या तो स्थिर बना हुआ है या इसमें मामूली इजाफा हुआ है।
केन्द्रीय उपभोक्ता मामले विभाग तथा एगमार्कनेट के आंकड़ों से पता चलता है कि 9 अप्रैल की तुलना में 9 मई 2024 को चावल का थोक बाजार भाव 38.47 रुपए प्रति किलो से 1.3 प्रतिशत सुधरकर 38.96 रुपए प्रति किलो तथा चीनी का दाम 40.90 रुपए प्रति किलो से 0.8 प्रतिशत सुधरकर 41.21 रुपए प्रति किलो हो गया।
इसी तरह समीक्षाधीन अवधि के दौरान तुवर दाल का थोक बाजार मूल्य 136.09 रुपए प्रति किलो से 3.7 प्रतिशत बढ़कर 141.15 रुपए प्रति किलो,
उड़द दाल का दाम 112.06 रुपए प्रति किलो से 1.7 प्रतिशत सुधरकर 114.02 रुपए प्रति किलो तथा चना दाल का थोक भाव 73.89 रुपए प्रति किलो से 1.7 प्रतिशत सुधरकर 75.13 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया।
हालांकि इस समयावधि के दौरान प्याज एवं टमाटर के दाम में छोटी गिरावट आई मगर हरी सब्जियों के भाव में भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
समझा जाता है कि आपूर्ति में बाधा पड़ने से दालों एवं सब्जियों के भाव में भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। समझा जाता है कि आपूर्ति में बाधा पड़ने से दालों एवं सब्जियों की कीमत बढ़ गई।
देश के अनेक भागों में इस अवधि के दौरान ऊंचे तापमान के कारण भीषण गर्मी का प्रकोप रहा और बारिश की कमी से सब्जियों की कीमत तेज हो गई।
गर्मी का दौर अभी जारी है जिससे सब्जियों की फसल प्रभावित हो रही है और इसे देखते हुए अगले कुछ समय तक इसके दाम में तेजी-मजबूती का रुख बरकरार रहने की संभावना है।
जहां तक दाल-दलहन का सवाल है तो इसकी कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने के लिए सरकार हर संभव कदम उठा रही है मगर इसका अपेक्षित सार्थक परिणाम सामने नहीं आ रहा है।
घरेलू उत्पादन कम होने तथा किसानों द्वारा स्टॉक रोके जाने से दलहनों की आपूर्ति में बाधा पड़ रही है। इस कमी की भरपाई विदेशों से आयात के जरिए करने का प्रयास हो रहा है। तुवर, उड़द, मसूर, चना एवं पीली मटर का आयात नियमित रूप से हो रहा है।
