गुजरात में मूंग की बिजाई गत वर्ष से कुछ कम - फसल की हालत सामान्य

10-May-2024 07:57 PM

राजकोट । देश के पश्चिमी प्रान्त- गुजरात में पिछले साल जायद सीजन (ग्रीष्मकाल) के दौरान मूंग का बिजाई क्षेत्र 47,100 हेक्टेयर  पर पहुंचा था जो चालू वर्ष के दौरान 2.50  प्रतिशत घटकर 45,900 हेक्टेयर रह गया।

राज्य के पांच प्रमुख उत्पादक संभागों में से तीन संभाग में बिजाई कुछ पीछे चल रही है जबकि दो संभाग में बढ़ने की सूचना है। 

गुजरात के कच्छ संभाग में मूंग का उत्पादन क्षेत्र 500 हेक्टेयर से उछलकर 1200 हेक्टेयर तथा मध्य गुजरात में 6200 हेक्टेयर से बढ़कर 7900 हेक्टेयर पर पहुंच गया।

दूसरी ओर मूंग का रकबा उत्तरी गुजरात में 4500 हेक्टेयर से गिरकर 3200 हेक्टेयर, सौराष्ट्र संभाग में 29 हजार हेक्टेयर से घटकर 27 हजार हेक्टेयर तथा दक्षिणी गुजरात में 6800 हेक्टेयर से फिसलकर 6600 हेक्टेयर रह गया है। 

गुजरात में ग्रीष्मकालीन मूंग की बिजाई का अभियान लगभग समाप्त हो चुका है और वहां मौसम की हालत कमोबेश सामान्य बनी हुई है।

राज्य के कुछ क्षेत्रों में ऊंचे तापमान एवं वर्षा के अभाव से फसल को थोड़ी क्षति होने की आशंका है मगर कुल मिलाकर हालत ठीक ठाक है। नई फसल की कटाई-तैयारी जल्दी ही जोर पकड़ने की संभावना है।

अगैती फसल की बिजाई फरवरी में ही आरंभ हो गई थी जो अब पकने लगी है। अगले महीने से राज्य में खरीफ फसलों की बिजाई शुरू हो जाएगी और तब तक जायद कालीन मूंग की फसल की कटाई-तैयारी चलती रहेगी। मूंग का घरेलू बाजार भाव ऊंचे स्तर पर बरकरार है।