गुजरात में गेहूं चना की बिजाई बढ़ी मगर सरसों-जीरा की घट गई

08-Jan-2025 08:20 PM

गांधीनगर । देश के पश्चिमी प्रान्त गुजरात में रबी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 45.20 लाख हेक्टेयर से 2.35 लाख हेक्टेयर बढ़कर इस बार 47.55 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया।

इसके तहत गेहूं, मक्का एवं चना के क्षेत्रफल में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है लेकिन सरसों तथा जीरा का रकबा घट गया है सौंफ के क्षेत्रफल में भी भारी गिरावट आई है मगर धनिया का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष से कुछ आगे निकल गया है जबकि पहले पीछे चल रहा था।

राज्य कृषि विभाग की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल की तुलना में वर्तमान रबी सीजन के दौरान गुजरात में गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 12.20 लाख हेक्टेयर से उछलकर 13.42 लाख हेक्टेयर तथा मक्का का बिजाई क्षेत्र 1.11 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 1.33 लाख हेक्टेयर हो गया।

हालांकि ज्वार के रकबे में कुछ कमी आई मगर कुल अनाजी फसलों का क्षेत्रफल 13.69 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 15.04 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। 

इसी तरह चना का उत्पादन पिछले साल के 6.29 लाख हेक्टेयर से उछलकर इस बार 8.40 लाख हेक्टेयर तथा दलहन फसलों का कुल बिजाई क्षेत्र 6.75 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 9.11 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। 

दूसरी ओर सरसों का उत्पादन क्षेत्र 2.77 लाख हेक्टेयर से गिरकर 2.58 लाख हेक्टेयर पर अटक गया जिससे तिलहनों का कुल क्षेत्रफल भी 2.77 लाख हेक्टेयर से फिसलकर 2.60 लाख हेक्टेयर के करीब रह गया।

जीरा का क्षेत्रफल 5.61 लाख हेक्टेयर से लुढ़ककर 4.74 लाख हेक्टेयर तथा सौंफ का रकबा 1.33 लाख हेक्टेयर से घटकर 56 हजार हेक्टेयर रह गया।