फरवरी तक 3.15 लाख टन चीनी का निर्यात
16-Mar-2026 08:10 PM
मुम्बई। वर्तमान मार्केटिंग सीजन में अक्टूबर 2025 से फरवरी 2026 के दौरान भारत से करीब 3.15 लाख टन चीनी का निर्यात हुआ। ऑल इंडिया शुगर ट्रेड एसोसिशन की रिपोर्ट के अनुसार संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) इस चीनी के सबसे प्रमुख खरीदार के रूप में सामने आया।
एसोसिएशन के अनुसार इस 3.15 लाख टन की कुल मात्रा में 2,57,971 टन सफेद चीनी तथा 53,664 टन रिफाइंड चीनी का निर्यात शामिल था।
सरकार ने 2025-26 के मार्केटिंग, सीजन हेतु पहले 15 लाख टन चीनी का निर्यात कोटा घोषित किया था जिसे बाद में 5 लाख टन बढ़ाकर 20 लाख टन निर्धारित कर दिया।
इस 3.15 लाख टन के सम्पूर्ण निर्यात में से संयुक्त अरब अमीरात को 79,683 टन, अफगानिस्तान को 71,813 टन जिबूती को 45,801 टन तथा तंजानिया को 21,330 टन चीनी का शिपमेंट किया गया।
एसोसिएशन का कहना है कि चालू मार्केटिंग सीजन में भारत से 8 लाख टन से कुछ अधिक चीनी का निर्यात हो सकता है एसोसिएशन ने चीनी का घरेलू उत्पादन 283 लाख टन होने का अनुमान लगाया है।
