फ्रांस से गेहूं के निर्यात अनुमान में बढ़ोत्तरी

12-Oct-2023 06:09 AM

पेरिस । यूरोपीय संघ के सबसे प्रमुख गेहूं उत्पादन एवं निर्यातक देश- फ्रांस के कृषि मंत्रालय ने 2023-24 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में संघ से बाहर के देशों के लिए सॉफ्ट गेहूं के निर्यात का अनुमान गत माह के 95 लाख टन से बढाकर अब 98 लाख टन निर्धारित किया है जो 2022-23 सीजन के कुल शिपमेंट से महज 3.5 प्रतिशत कम है।

उल्लेखनीय है कि फ्रांस से अधिकांश गेहूं का निर्माण यूरोपीय संघ के सदस्य देशों में होता है जबकि संघ से बाहर के देशों को भी 90-100 लाख टन के बीच इसका शिपमेंट किया जाता है। अफ़्रीकी देश- अल्जीरिया परम्परागत रूप से फ़्रांसीसी गेहूं का प्रमुख आयातक रहा है।

दूसरी ओर यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के लिए गेहूं का निर्यात अनुमान 75.40 लाख टन से घटाकर 73.30 लाख टन नियत किया गया है लेकिन फिर भी यह 2022-23 के निर्यात से 14.8 प्रतिशत ज्यादा है। 

कृषि मंत्रालय के अनुसार फ्रांस में 2023-24 सीजन के अंत में सॉफ्ट गेहूं का कुछ बकाया स्टॉक घटकर 27.70 लाख टन रह जाएगा जो पिछले अनुमान 29.20 लाख टन से कुछ कम है। लेकिन यह स्टॉक 2022-23 के सीजन से 8.8 प्रतिशत ज्यादा है।

फ्रांस की मंडियों में गेहूं की आवक कुछ कम हो रही है क्योंकि किसानों को इसका आकर्षक मूल्य नहीं मिल रहा है। व्यापार विश्लेषकों का कहना है कि यूक्रेन से शिपमेंट में रूकावट पैदा होने तथा कनाडा में उत्पादन घटने से फ्रांस को वैश्विक बाजार में अपने गेहूं का निर्यात प्रदर्शन सुधारने का अवसर मिल सकता है।

ऑस्ट्रेलिया और अर्जेन्टीना में भी गेहूं की पैदावार घटने की संभावना है। गेहूं का उत्पादन तो रूस में भी कम हुआ है मगर वहां इसका पिछला स्टॉक काफी बड़ा है। फ्रांस को रूस के गेहूं निर्यातकों की कठिन चुनौती का सामना करना पड़ेगा।