एमपी, राजस्थान एवं यूपी में 2.93 लाख टन से अधिक गेहूं की खरीद

03-Apr-2024 08:02 PM

नई दिल्ली । रबी सीजन के सबसे प्रमुख खाद्यान्न- गेहूं की सरकारी खरीद की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है और 2 अप्रैल 2024 तक एजेंसियों द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर कुल 2,93,550 टन गेहूं खरीदा गया।

सेन्ट्रल पूल  ग्रेन्स प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों से ज्ञात होता है कि चालू रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान मध्य प्रदेश में सर्वाधिक 2,85,334 टन गेहूं की सरकारी खरीद हुई है।

जबकि इसकी मात्रा रजस्थान में 6772 टन एवं उत्तर प्रदेश 1444 टन तक ही पहुंच सकी। ध्यान देने की बात है कि मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में किसानों से 2400 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा जा रहा है जिसमें 2275 रुपए प्रति क्विंटल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तथा 125 रुपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस शामिल है। उत्तर प्रदेश में केवल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद हो रही है। 

हालांकि 1 अप्रैल 2024 से पंजाब तथा हरियाणा में भी गेहूं की खरीद का सीजन आरंभ हो गया मगर चालू सप्ताह के शुरूआती दो दिनों के दौरान सरकारी क्रय केन्द्रों पर गेहूं की आवक नहीं या नगण्य हुई इसलिए इसकी खरीद भी संभव नहीं हो सकी।

मार्च के अंतिम दिनों में आंधी-वर्षा एवं ओलावृष्टि के कारण पंजाब-हरियाणा में गेहूं की फसल प्रभावित हुई और इसलिए इसकी कटाई-तैयारी में देर होने की संभावना है। मौसम विभाग ने एक बार फिर 3 से 6 अप्रैल के बीच वहां वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है।

पंजाब में आमतौर पर बैसाखी पर्व के बाद यानी मध्य अप्रैल से गेहूं की आवक जोर पकड़ती है मगर हरियाणा में अप्रैल के प्रथम सप्ताह से ही भारी मात्रा में गेहूं पहुंचने लगता है। इस बार गेहूं की सरकारी खरीद में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की उम्म्मीद की जा रही है।