एमएसपी में बढ़ोत्तरी होने पर चीनी हो सकती है महंगी
07-Jan-2025 01:35 PM
मुम्बई । केन्द्रीय खाद्य, उपभोक्ता एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री ने कहा है कि सरकार चीनी के एक्स फैक्टरी न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) बढ़ाने के बारे में शीघ्र ही निर्णय लेगी।
इस आशय के एक प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है और जल्दी ही यह फैसला किया जाएगा कि चीनी का एमएसपी बढ़ाया जाए या नहीं।
स्वदेशी उद्योग बार-बार चीनी का एमएसपी बढ़ाने की जोरदार मांग कर रहा है क्योंकि इसके लागत खर्च में काफी बढ़ोत्तरी हो गई है।
उल्लेखनीय है कि फरवरी 2019 में अंतिम बार चीनी का एमएसपी 2900 रुपए प्रति क्विंटल से 200 रुपए बढ़ाकर 3100 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था और उसके बाद से इसमें कोई वृद्धि नहीं हुई है जबकि इस बीच गन्ना के उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) में प्रत्येक वर्ष इजाफा होने तथा अन्य व्यय में वृद्धि होने से चीनी का उत्पादन खर्च काफी बढ़ गया है।
स्वदेशी उद्योग संगठनों द्वारा सरकार से चीनी का एमएसपी 3900/4200 रुपए प्रति क्विंटल तक नियत करने की मांग की जा रही है ताकि मिलर्स के समक्ष मौजूद आर्थिक चुनौतियों का सामना किया जा सके।
समझा जाता है कि एमएसपी में बढ़ोत्तरी होने पर चीनी कुछ महंगी हो जाएगी। फिलहाल मिलर्स को 3100 रुपए प्रति क्विंटल से ऊपर के दाम पर अपनी चीनी बेचनी पड़ती है जबकि एमएसपी बढ़ने पर उसे नए मूल्य स्तर पर अपना स्टॉक बेचना पड़ेगा और इससे खुले बाजार में भाव स्वाभाविक रूप से बढ़ जाएगा।
सरकार लम्बे समय से चीनी का एमएसपी बढ़ाने के बारे में निर्णय लेने में टाल मटोल कर रही है लेकिन उद्योग को उम्मीद है कि नए साल में सरकार इस मुद्दे को नजर अंदाज नहीं करेगी।
