डॉलर के मुकाबले रुपया घटकर सबसे नीचले स्तर पर आया
09-Jan-2025 01:22 PM
मुम्बई । अमरीकी डॉलर की तुलना में भारतीय रुपए की विनिमय दर (एक्सचेंज रेट) लुढ़ककर रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया।
इक्विटी मार्केट के अस्थिर रहने तथा डॉलर में मजबूती आने से भारतीय रुपया बहुत कमजोर पड़ गया है। हालांकि सरकारी बैंको द्वारा डॉलर की बिक्री बढ़ाकर रुपए में गिरावट को रोकने की कोशिश की गई लेकिन डॉलर की बिक्री आक्रामक ढंग से नई हुई।
नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक पिछले दिन अपराह्न 3.30 बजे 1 अमरीकी डॉलर का मूल्य उछलकर 85.8562 रुपए के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया उधर चाइनीज युआन की विनिमय दर घटने तथा इंडोनेशियाई रुपियाह में 0.4 प्रतिशत की नरमी आने से डॉलर का इंडेक्स 0.1 प्रतिशत सुधर गया। निकट भविष्य में अमरीकी डॉलर में मजबूती बरकरार रहने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि डॉलर के मुकाबले रुपए की विनिमय दर में जोरदार गिरावट आने से अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भारतीय उत्पादों के दाम को प्रतिस्पर्धी या आकर्षक स्तर पर रखने में अच्छी सहायता मिलेगी और इससे निर्यात प्रदर्शन में सुधार आ सकता है लेकिन दूसरी ओर विदेशों से होने वाला आयात काफी महंगा हो जाएगा।
कृषि एवं खाद्य उत्पादों के नजरिए से देखा जाए तो भारत से चावल, अरंडी तेल, ग्वार गम एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद सहित कई अन्य उत्पादों का निर्यात प्रदर्शन सुधर सकता है जबकि दूसरी ओर खासकर खाद्य तेल एवं दलहनों का आयात महंगा हो सकता है जिसका असर घरेलू बाजार भाव पर पड़ना स्वाभाविक है।
भारत के पास डॉलर सहित अन्य विदेशी मुद्रा भंडारण का स्तर ऊंचा है इसलिए रुपए को स्थिर बनाने का प्रयास जारी रखा जा सकता है।
