चीनी सब्सिडी पर भारत को डब्ल्यू टीओ में नोटिफिकेशन जमा करने का सुझाव

27-May-2024 08:57 PM

जेनेवा । ब्राजील, कनाडा एवं यूरोपीय संघ सहित विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यू टीओ) के कुछ अन्य देशों के एक समूह ने भारत से डब्ल्यू टीओ में चीनी सब्सिडी पर जारी अधिसूचनाओं को सही समय पर प्रस्तुत करने का आग्रह किया है।

जेनेवा में 23-24 मई को  डब्ल्यू टीओ की कृषि समिति के समक्ष जब विचार-विमर्श (चर्चा) के लिए यह मामला सामने आया तब कई देशों ने भारत को इस पर घेरने की कोशिश की थी।

उल्लेखनीय है कि भारत की भांति ब्राजील तथा यूरोपीय संघ चीनी के प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक हैं। उसका कहना है कि भारत में चीनी क्षेत्र के लिए सरकार द्वारा जो विशेष सहयोग-समर्थन एवं प्रोत्साहन प्रदान किया जाता है उससे वैश्विक व्यापार प्रभवित होता है।

इस समूह में ब्राजील एवं कनाडा के अलावा कोस्टारिका, पराग्वे, न्यूजीलैंड, यूरोपीय संघ और ग्वाटेमाला भी शामिल हैं। 
भारतीय प्रतिनिधि ने इस परिचर्चा में अन्य देशों को जवाब देते हुए कहा कि भारत में केन्द्र सरकार या प्रांतीय सरकारों द्वारा किसानों से गन्ना की खरीद नहीं की जाती है।

वर्ष 2022 में भारत ने डब्ल्यू टीओ की एक व्यवस्था के खिलाफ अपील की थी जिसमें कहा गया था कि भारत में चीनी एवं गन्ना क्षेत्र के लिए सरकार की सहायक नीतियां वैश्विक चीनी कारोबार के नियमों के अनुकूल नहीं है।