चीनी का उत्पादन 262 लाख टन के करीब पहुंचा
16-Mar-2026 03:55 PM
नई दिल्ली। सहकारी चीनी मिलों की सर्वोच्च संस्था- नेशनल फेडरेशन ऑफ को ऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज (एनएफसीएसएफ) की नई रिपोर्ट से पता चलता है कि चालू मार्केटिंग सीजन के शुरुआती साढ़े पांच महीनों में यानी 1 अक्टूबर 2025 से 15 मार्च 2026 के दौरान चीनी का घरेलू उत्पादन बढ़कर 261.75 लाख टन पर पहुंच गया
जो 2024-25 सीजन की इसी अवधि के उत्पादन 237.15 लाख टन से 24.60 लाख टन या 10.37 प्रतिशत अधिक है। 137 चीनी मिलें अब भी सक्रिय हैं।
पिछले साल के मुकाबले वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान चीनी का उत्पादन उत्तर प्रदेश में 80.95 लाख टन से सुधरकर 81.50 लाख टन, महाराष्ट्र में 78.60 लाख टन से उछलकर 98.50 लाख टन तथा कर्नाटक में 39.10 लाख टन से बढ़कर 45.80 लाख टन पर पहुंच गया
लेकिन गुजरात में 7.80 लाख टन से घटकर 7.20 लाख टन एवं बिहार में 6.10 लाख टन से गिरकर 5.70 लाख टन रह गया। अन्य राज्यों में भी उत्पादन में कुछ कमी आई। राष्ट्रीय स्तर पर गन्ना से चीनी की औसत रिकवरी दर पिछले सीजन के 9.31 प्रतिशत से सुधरकर चालू सीजन में 9.54 प्रतिशत पर पहुंच गई।
