चीनी की कीमतों में मजबूती बरकरार रहने की उम्मीद
05-May-2026 08:26 PM
नई दिल्ली। मई के लिए फ्री सेल कोटा उम्मीद से कम होने तथा औद्योगिक खपत में वृद्धि होने की संभावना से चीनी का भाव मजबूत देखा जा रहा है और आगामी दिनों में भी इसका सिलसिला बरकरार रहने की संभावना है। उद्योग-व्यापार क्षेत्र ने मई में घरेलू बिक्री के लिए 23.00-23.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित होने का अनुमान लगाया था जबकि वास्तविक कोटा केवल 22.50 लाख टन का घोषित हुआ। यह कोटा हैरान करने वाला था। मई में अक्सर चीनी की मांग एवं खपत बढ़ने की परिपाटी रही है।
जानकारों का कहना है कि 2025-26 सीजन के दौरान चीनी के घरेलू उत्पादन में उम्मीद के अनुरूप बढ़ोत्तरी नहीं हो सकी इसलिए मिलर्स के पास इसका इतना विशाल स्टॉक नहीं है जो भार महसूस हो। सरकार ने 15 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति पहले दी थी और बाद में इसे 5 लाख टन और बढ़ा दिया। इसका भी बाजार पर कुछ हद तक मनोवैज्ञानिक असर पड़ने की संभावना है।
अब यह लगभग स्पष्ट हो चुका है कि चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान चीनी का घरेलू उत्पादन 280 लाख टन से ऊपर नहीं पहुंच सकेगा। गन्ना क्रशिंग का मुख्य सीजन समाप्त हो चुका है जबकि तमिलनाडु एवं कर्नाटक में इसका विशेष सीजन जुलाई-अगस्त में आयोजित होगा। दोनों सीजन को मिलाकर चीनी का सकल उत्पादन 78-79 लाख टन पर पहुंच सकता है।
अगले सीजन का परिदृश्य भी उत्साहवर्धक प्रतीत नहीं होता है क्योंकि अल नीनो के प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम मानसून के कमजोर रहने पर बारिश अनियमित एवं अनिश्चित हो सकती है जिससे गन्ना की फसल प्रभावित होने की आशंका है। इससे चीनी के उत्पादन में कमी आ सकती है।
