चीनी का घरेलू उत्पादन 280 लाख टन के करीब होने का अनुमान

17-Apr-2026 06:00 PM

नई दिल्ली। चालू मार्केटिंग सीजन में अब केवल 19 इकाइयों के क्रियाशील रहने से चीनी का कुल घरेलू उत्पादन 280 लाख टन के आसपास सिमट जाने का अनुमान है। 15 अप्रैल तक लगभग 275 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ। तमिलनाडु एवं उत्तर प्रदेश की कुछ इकाइयों में गन्ना की क्रशिंग हो रही है। लेकिन उसके भी जल्दी ही बंद होने की संभावना है। 

शीर्ष उद्योग संस्था- इंडियन शुगर एंड बायो- एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि चालू मार्केटिंग सीजन में 1 अक्टूबर 2025 से 15 अप्रैल 2026 तक देश में कुल 274.80 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ जो 2024-25 सीजन की समान अवधि के उत्पादन 255 लाख टन से करीब 20 लाख टन ज्यादा है।

चीनी का उत्पादन 8 प्रतिशत जरूर बढ़ा है मगर यह सीजन के आरंभ में लगाए गए अनुमान से काफी कम है। इस्मा के मुताबिक पिछले साल 15 अप्रैल को 38 चीनी मिलों में गन्ना की क्रशिंग जारी थी जबकि चालू वर्ष में इसकी संख्या घटकर आधी रह गई।

इस्मा की रिपोर्ट के अनुसार जून-जुलाई के दौरान कर्नाटक एवं तमिलनाडु की कुछ इकाइयों में गन्ना क्रशिंग का विशेष सत्र चलेगा और वहां करीब 3 लाख टन तक चीनी का अतिरिक्त उत्पादन हो जाएगा।

इस तरह कुल सीजनल उत्पादन 280 लाख टन के करीब पहुंच सकता है। इस्मा ने पहले 309.50 लाख टन चीनी के उत्पादन का अनुमान लगाया था।