चीनी के बकाए स्टॉक में बदलाव की संभावना नहीं

08-Apr-2026 04:32 PM

नई दिल्ली। शीर्ष उद्योग संस्था- इस्मा ने कहा है कि 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के आरंभ में स्वदेशी उद्योग के पास 50.03 लाख टन चीनी का पिछला बकाया स्टॉक मौजूद था और सीजन के अंत में भी इतना ही अधिशेष स्टॉक उपलब्ध रहेगा। 

इस्मा की रिपोर्ट के अनुसार 2025-26 के सीजन में चीनी का कुल घरेलू उत्पादन 320 लाख टन होने की संभावना है। इसमें से 35 लाख टन का उपयोग एथनॉल निर्माण में होने के बाद खाद्य उद्देश्य के लिए  285 लाख टन चीनी का स्टॉक खास उद्देश्य के लिए बचेगा

जबकि 50.03 लाख टन के पिछले बकाया स्टॉक के साथ इसकी कुल उपलब्धता 335.03 लाख टन पर पहुंचेगी। इसमें से 277 लाख टन चीनी का घरेलू उपयोग एवं 8 लाख टन का निर्यात होगा और सीजन के अंत में 50.03 लाख टन का स्टॉक बचेगा। 

इस्मा के मुताबिक 2024-25 के सीजन में 78 लाख टन चीनी का बकाया स्टॉक मौजूद था जबकि 295.07 लाख टन का सकल उत्पादन हुआ।

इसमें से 34.04 लाख टन का उपयोग एथनॉल निर्माण में हुआ और खाद्य उद्देश्य के लिए 261.03 लाख टन चीनी का स्टॉक बच गया। घरेलू उपयोग 280 लाख टन का हुआ जबकि 9 लाख टन का निर्यात हुआ।