चीनी की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम रहने की संभावना

03-Apr-2024 11:09 AM

नई दिल्ली । उद्योग-व्यापार क्षेत्र के प्रमुख संघों- संगठनों द्वारा चीनी के उत्पादन का जो अनुमान लगाया जा रहा है उससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि 2023-24 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में इस मीठी वस्तु की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी रहेगी।

ऑल इंडिया शुगर ट्रेड एसोसिएशन ने इस बार 320 लाख टन चीनी के उत्पादन तथा 57 लाख टन के बकाया स्टॉक के साथ इसकी कुल उपलब्धता 397 लाख टन पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की है।

इसी तरह इंडियन शुगर एवं बायो एनर्जी मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन (इस्मा) ने 323 लाख टन चीनी के उत्पादन का अनुमान लगाया है। दिलचस्प तथ्य यह है कि 31 मार्च 2024 तक चीनी का घरेलू उत्पादन बढ़कर 302 लाख टन पर पहुंच गया जबकि पिछले साल की इसी अवधि में करीब 301 लाख टन हुआ था।

1 अप्रैल 2024 को देशभर में 210 चीनी मिलें क्रियाशील थीं। वहां से आगे जो आंकड़े आएंगे वे निश्चित रूप से राहत वाले होंगे। नेशनल फेडरेशन ऑफ को ऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज ने भी चीनी के उत्पादन अनुमान में बढ़ोत्तरी की है।

हालांकि कर्नाटक तमिलनाडु एवं गुजरात जैसे राज्यों में चीनी का उत्पादन गत वर्ष से पीछे चल रहा है मगर दोनों शीर्ष उत्पादक प्रांतों- महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश में उत्पादन की स्थिति  काफी बेहतर बनी हुई है।